PM Modi के बेंगलुरु दौरे से पहले सुरक्षा में भारी चूक, कार्यक्रम स्थल के पास मिला बम बनाने का सामान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के बेंगलुरु दौरे से पहले एक बड़ी सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है। रविवार सुबह कार्यक्रम स्थल के पास दो जिलेटिन स्टिक मिलने से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। यह बरामदगी उस समय हुई जब प्रधानमंत्री के आगमन से पहले पूरे इलाके में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मुख्य कार्यक्रम स्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर कागलीपुरा इलाके के पास मिली। घटना के बाद इलाके को तुरंत घेर लिया गया और बम निरोधक दस्ते के साथ फॉरेंसिक टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि जिलेटिन स्टिक वहां कैसे पहुंचीं और क्या इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका है। मामले में एक संदिग्ध से पूछताछ भी की जा रही है।

सुरक्षा जांच के दौरान मिला संदिग्ध सामान
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से पहले सुरक्षा एजेंसियां इलाके की जांच कर रही थीं। इसी दौरान कागलीपुरा के पास एक आश्रम के नजदीक फुटपाथ किनारे दो जिलेटिन स्टिक दिखाई दीं। यह इलाका उस मुख्य कार्यक्रम स्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर है, जहां प्रधानमंत्री को पहुंचना था।
मौके पर पहुंची बम निरोधक टीम
जिलेटिन स्टिक मिलने की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं। पुलिस ने इलाके को घेरकर आम लोगों की आवाजाही रोक दी। इसके बाद बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने संदिग्ध सामग्री की जांच शुरू की और आसपास के इलाके की भी तलाशी ली।
एक संदिग्ध हिरासत में
पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि जिलेटिन स्टिक वहां किसने रखीं, उनका मकसद क्या था और क्या इस घटना का किसी बड़े नेटवर्क से संबंध है।
पीएम दौरे के बीच बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। कार्यक्रम स्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच शुरू कर दी गई। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की कई एंगल से जांच कर रही हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।












Click it and Unblock the Notifications