चीन में बच्चों के मोबाइल चलाने पर लगेगी रोक, 8 साल से कम उम्र के बच्चे सिर्फ 8 मिनट ही देख पाएंगे स्मार्टफोन
स्मार्टफोन का अत्यधिक उपयोग मानव स्वास्थ्य को बुरी तरह से प्रभावित करता है। कई रिपोर्टों में बताया गया है कि छोटे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए स्मार्टफोन बेहद ही नुकसानदेह है।
ऐसे में चीन में बच्चों को स्मार्टफोन से छुटकारा दिलाने के लिए अब नए कानून बनाए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। चीन के साइबर स्पेस रेगुलेटर ने बुधवार को कहा कि 18 साल से कम उम्र के बच्चों को स्मार्टफोन यूज करने की समय सीमा निर्धारित की जानी चाहिए।

साइबर स्पेस रेगुलेटर ने बच्चों को दो घंटे तक अधिकतम फोन इस्तेमाल करने का सुझाव दिया है। रेगुलेटर का कहना है कि बच्चों में फोन की लत बढ़ती जा रही है। ऐसे में वे चाहते हैं कि स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियां ऐसे स्मार्ट डिवाइस बनाए जो 18 वर्ष से कम उम्र के उपयोगकर्ताओं को रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक मोबाइल उपकरणों पर इंटरनेट का उपयोग करने से रोक देगा।
रेगुलेटर ने कहा कि इन कंपनियों को प्रस्तावित सुधारों के तहत समय सीमा भी तय करनी होगी। इससे मुताबिक 16 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों को मोबाइल का इस्तेमाल करने के लिए प्रतिदिन दो घंटे की अनुमति होगी। वहीं, 8 से 16 वर्ष की आयु के बच्चों को एक घंटा जबकि 8 से कम उम्र के बच्चे सिर्फ 8 मिनट ही मोबाइल इस्तेमाल कर पाएंगे।
रेगुलेटर ने कहा कि 8 साल से कम उम्र के बच्चों का मोबाइल चलाना उनके मानसिक विकास के लिए बाधक है। नए कानून बन जाने से देश के बच्चे न सिर्फ स्वस्थ रहेंगे बल्कि उनके अनमोल वक्त की बर्बादी को भी रोका जा सकेगा।
हालांकि साइबर स्पेस रेगुलेटर ने सेवा प्रदाता कंपनियों से कहा है कि वह समय सीमा तय करने का अधिकार उनके परिजनों को दें। रेगुलेटर के इस सुझाव के बाद ऐसा माना जा रहा है कि सरकार इसको लेकर कोई नियम बना सकती है।
इस बीच रेगुलेटर के इस सुझाव के बाद इंटरनेट और टेक कंपनियों में खलबली मच गई है। सीएसी द्वारा अपने मसौदा दिशानिर्देशों को प्रकाशित करने के बाद हांगकांग में दोपहर के कारोबार में चीनी तकनीकी कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई है।
बिलिबिली और कुआइशौ क्रमशः 6.98 प्रतिशत और 3.53 प्रतिशत गिर गए, जबकि सोशल नेटवर्क ऐप वीचैट संचालित करने वाली टेनसेंट होल्डिंग्स 2.99 प्रतिशत गिरकर बंद हुई।
शंघाई शेनलुन लॉ फर्म के वकील जिया हैलोंग ने कहा कि नियम इंटरनेट कंपनियों के लिए सिरदर्द साबित होंगे। हैलोंग ने कहा कि नियम न मानने की सूरत में कई कंपनियां अलग तरह की समस्याओं में घिर सकते हैं। ऐसे में संभव है कि कई इंटरनेट कंपनियां सीधे तौर पर नाबालिगों को अपनी सेवाओं का उपयोग करने से प्रतिबंधित करने पर विचार कर सकती हैं।"
हाल के वर्षों में मोबाइल का इस्तेमाल करने के कारण बच्चों में निकट दृष्टि दोष और इंटरनेट की लत से सरकार परेशान हो गई है। इससे पहले चीनी सरकार ने 2021 में, 18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए वीडियो गेम खेलने पर प्रतिबंध लगा दिया। इससे Tencent जैसे गेमिंग दिग्गजों को बड़ा झटका लगा था।
बिलिबिली, कुआइशौ और बाइटडांस जैसे वीडियो-शेयरिंग प्लेटफ़ॉर्म टीएनएज मोड प्रदान कर रहे हैं जो यूजर्स की कंटेंट तक पहुंच और उपयोग की अवधि को प्रतिबंधित करते हैं। 18 साल से कम उम्र के बच्चे बाइटडांस के टिकटॉक ऐप जिसे चीन में डॉयिन के नाम से जाना जाता है, बस 40 मिनट तक इस्तेमाल कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications