सीजफायर के ऐलान के बाद अफगानिस्तान में बड़ा बम धमाका, 8 से ज्यादा लोगों की मौत
नई दिल्ली: अफगानिस्तान में गुरुवार को एक बार फिर बड़ा आतंकी हमला हुआ। जिसमें 8 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 के करीब लोग घायल बताए जा रहे हैं। बकरीद के चलते गुरुवार को तीन दिन के लिए सीजफायर का ऐलान हुआ था। ऐलान से चंद घंटे पहले ही आतंकियों ने कार में ब्लास्ट कर दिया। हालांकि तालिबान के प्रवक्ता ने इस हमले में हाथ होने से इनकार किया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अफगानिस्तान के मध्य लोगार प्रांत में गुरुवार को एक कार में ब्लास्ट हुआ। ये हमला वैसे तो सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए किया गया था, लेकिन कई आम नागरिक भी इसकी चपेट में आ गए। अभी ये साफ नहीं हो पाया है कि ये आत्मघाती हमला था या कार में बम को प्लांट किया गया था। वैसे तो इस ब्लास्ट में 18 लोगों के मारे जाने की खबर है, लेकिन पजवोक अफगान न्यूज ने सिर्फ 8 के मारे जाने की पुष्टि की है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक जब से अमेरिका और तालिबान में समझौता हुआ है, उसके बाद से आतंकी हमले में 3560 अफगानी जवान मारे गए हैं। इसके अलावा इस साल के पहले छह महीने में हुए आतंकी हमलों में 1280 आम नागरिकों की जान गई है। बकरीद को देखते हुए अफगानिस्तान में तीन दिन का सीजफायर घोषित हुए था कि अब ये हमला हो गया। अभी तक इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी किसी आतंकी संगठन ने नहीं ली है।












Click it and Unblock the Notifications