कनाडा चुनाव: जस्टिन ट्रूडो हार सकते हैं प्रधानमंत्री का चुनाव, ओपिनियन पोल में विरोधी पार्टी ने बनाई बढ़त
कनाडा में हॉउस ऑफ कामंस की 338 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं, जिसमें पहली बार पीएम जस्टिन ट्रूडो की पार्टी को नुकसान होता दिखाई दे रहा है।
ओस्लो, अगस्त 29: कनाडा में लोकसभा चुनाव की बिगुल बज चुकी है और ऐसा पहली बार हो रहा है, जब प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की पार्टी पर हार का खतरा मंडरा रहा है। कनाडा में पिछले दो हफ्तों से लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान चल रहा है और ताजा ओपिनियन पोल से पता चला है कि जस्टिन ट्रूडो की पार्टी पिछड़ रही है। कनाडा में 20 सितंबर को मतदान होने हैं और जस्टिन ट्रूडो की लिबरल पार्टी का वोट प्रतिशत में प्रमुख विपक्षी कंजरवेटिव पार्टी की तुलना में पीछे चलने का अनुमान लगाया गया है।

जस्टिन ट्रूडो पर हार का खतरा
कनाडाई मीडिया के मुताबिक, निवर्तमान प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने अपनी अल्पसंख्यक सरकार को बहुमत में बदलने के प्रयास में 15 अगस्त को मध्यावधि चुनावों की घोषणा कर दी थी। लेकिन, जैसा कि अनुमान लगाया गया है, जस्टिन ट्रूडो की लिबरल पार्टी 2019 की तुलना में नई संसद में कम सीटें हासिल कर सकती है। पोल ट्रैकर के अनुमानों के मुताबिक, कनाडा की कंजरवेटिव पार्टी को बढ़त मिलने का अनुमान लगाया गया है। हालांकि, अनुमान में कांटे की टक्कर बताया गया है। आउटलेट सीबीसी न्यूज' ने कहा कि, "पिछले 18 महीनों में पहली बार कंजर्वेटिव पार्टी को ज्यादा वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है। अनुमान लगाया गया है कि जस्टिन ट्रूडो की लिबरल पार्टी को चुनाव में पिछली बार की तुलना में कम सीटें हासिल हो सकती हैं।

किसको कितने प्रतिशत वोट?
पोल ट्रैकर के मुताबिक, कनाडा में कंजरवेटिव पार्टी को 35.5 प्रतिशत वोट हासिल हो सकते हैं, वहीं, जस्टिन ट्रूडो की लिबरल पार्टी को 32.2 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है। यानि जस्टिन ट्रूडो की पार्टी कम ही वोट के अंदर से पिछड़ रही है, लेकिन जस्टिन ट्रूडो की सरकार पर खतरा मंडराने लगा है। चुनाव विश्लेषण आउटलेट 338 कनाडा ने लोकसभा सीटों पर वोट प्रतिशत के हिसाब पर अनुमान लगाया है और बताया है कि जस्टिन ट्रूडो की पार्टी पिछड़ रही है। आउटलेट 338 कनाडा के संस्थापक फिलिप जे फोरनियर ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि "यह चुनाव अब आधिकारिक तौर पर कांटे की टक्कर में बदलने का अनुमान है"।

कुछ अनुमानों में ट्रूडो काफी पीछे
वहीं, कई और चुनावी अनुमानों में जस्टिन ट्रूटो की पार्टी को काफी पिछड़ता दिखाया गया है और कंजरवेटिव पार्टी को बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है। शनिवार को जारी किए गए ट्रैकिंग डेटा में एजेंसी नैनोस रिसर्च ने आउटलेट्स सीटीवी न्यूज और ग्लोब एंड मेल के लिए एक सर्वेक्षण में कहा कि "कंजरवेटिव पार्टी को करीब 33.8 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है तो लिबरल पार्टी को 30.8% लोगों का समर्थन मिल सकता है"।

लिबरल पार्टी पर प्रेशर
नैनोस एजेंसी के संस्थापक निक नैनोस ने सीटीवी न्यूज को बताया कि, "इस हफ्ते की शुरुआत में ये मुकाबला टाइ लग रहा था, लेकिन ताजा अनुमानों से पता चल रहा है कि कंजरवेटिव पार्टी को बढ़त हासिल हो रहा है, और ये निश्चित तौर पर लिबरल पार्टी के ऊपर नकारात्मक दबाव है।"

जीतने के लिए चाहिए 170 सीट
आपको बता दें कि कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो और उनकी पार्टी के पास अपनी जमीन वापस पाने और हाउस ऑफ कॉमन्स में बहुमत के लिए जरूरी 170 सीटें हासिल करने के लिए तीन हफ्ते का समय बचा है। कनाडा में हाउस ऑफ कॉमन्स में 338 सीटों के लिए 20 सितंबर को मतदान होना है और बहुमत हासिल करने के लिए न्यूनतम 170 सीटों पर जीतना अनिवार्य है। जस्टिन ट्रूडो की लिबरल पार्टी को पिछले चुनाव में सिर्फ 157 सीटों पर जीत हासिल हुई थी और उन्होंने पूर्ण बहुमत हासिल करने के लिए अगस्त महीने में मध्यावधि चुनाव की घोषणा कर दी थी। लेकिन, अनुमान लगाया जा रहा है कि जस्टिन ट्रूडो की पार्टी को पिछले चुनाव की तुलना में और कम सीटें मिल सकती हैं।

जस्टिन ट्रूडो से निराश जनता?
कनाडाई मीडिया के मुताबिक इस बार के हाउस ऑफ कॉमन्स के चुनाव में जस्टिन ड्रूडो के भाग्य का फैसला कई मुद्दे कर सकते हैं। खासकर अफगानिस्तान से रिफ्यूजी को देश में लाना उनके खिलाफ जा रहा है, तो कोरोना वायरस संक्रमण को सही तरीके से हैंडल नहीं करने और उसी दौरान मध्यावधि चुनाव कराने का ऐलान करना भी उनके खिलाफ जाता दिखाई दे रहा है। माना जा रहा है कि, जो लोग कोरोना वायरस की चौथी लहर के बीच चुनाव कराए जाने के खिलाफ हैं, वो जस्टिन ट्रूडो की पार्टी के खिलाफ वोट डालकर अपनी नाराजगी का इजहार कर सकते हैं और यही फैक्टर उनके खिलाफ जाता दिखाई दे रहा है।












Click it and Unblock the Notifications