बुल्गारिया में भीषण बस हादसा, आग में जलने से 45 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 12 बच्चे शामिल
बुल्गारिया में बस में आग लगने से 45 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में 12 बच्चे शामिल हैं।
बुल्गारिया, नवंबर 23: बुल्गारिया में उस वक्त सनसनी मच गई, जब एक बस आग की लपटों में घिर गई और देखते ही देखते 45 लोग जिंदा जल गये। बुल्गारिया में बस में लगी आग के बाद ज्यादातर बस यात्रियों को जिंदा नहीं बचाया जा सका। अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार को पश्चिमी बुल्गारिया में एक नेशनल हाइवे पर आग की लपटों में घिरने के बाद बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें कम से कम 12 बच्चों सहित 45 लोगों की मौत हो गई।

बुल्गारिया में बस में लगी आग
अस्पताल के कर्मचारियों ने कहा कि जलती बस से छलांग लगाने वाले सात लोगों को सोफिया के अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत स्थिर है। बुल्गारिया के आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि 45 लोग मारे गए हैं। बल्गेरियाई अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन ऐसा संभावना है कि नेशनल हाइवे पर किसी चीज से टक्कर के बाद बस में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया और बस में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि बस जली हुई है और हाईवे के बीच में आग की चपेट में आ गई।

हादसे के बाद देश में शोक
बुल्गारिया के अंतरिम प्रधानमंत्री स्टीफन यानेव ने संवाददाताओं से कहा, "हमारे यहां बहुत बड़ी त्रासदी हुई है।" वहीं, गृह मंत्री बॉयको रश्कोव ने कहा कि, "बस में सवार लोगों को अपनी जान बचाने का मौका नहीं मिला और सभी लोगों की मौत जलने की वजह से हो गई''। मौके पर पहुंचे देश के गृहमंत्री ने कहा कि, "तस्वीर भयानक, काफी ज्यादा भयानक है। मैंने पहले कभी ऐसा कुछ नहीं देखा है।" बल्गेरियाई डिटेक्टिव के प्रमुख बोरिसलाव सराफोव ने कहा कि, उत्तरी मैसेडोनिया की एक ट्रैवल एजेंसी की चार बसें सोमवार देर रात तुर्की से बुल्गारिया में दाखिल हुईं। उन्होंने कहा कि, ''अभी हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है कि बस में तकनीकी खराबी की वजह से आग लगी या फिर ड्राइवर की गलती थी''। आपको बता दें कि, बस में आग, सोफिया के पश्चिम में लगभग 45 किमी स्ट्रोमा हाईवे पर दोपहर करीब 2 बजे के करीब लगी थी।












Click it and Unblock the Notifications