लिज ट्रस से संभल नहीं रहा PM पद, ऋषि सुनक जिंदाबाद का नारा लगाने वाले शख्स को देना पड़ा ये अहम पद
लिज ट्रस ने ग्रेग हैंड्स को अंतर्राष्ट्रीय व्यापार विभाग (डीआईटी) में व्यापार नीति के प्रभारी राज्य मंत्री के पद पर नियुक्त किया है। हैंड्स, ऋषि सुनक के बेहद करीबी माने जाते हैं।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री लिज ट्रस(Liz Truss) ने सोमवार को प्रतिद्वंद्वी रहे ऋषि सुनक(Rishi Sunak) के एक सहयोगी ग्रेग हैंड्स को व्यापार नीति के प्रभारी राज्य मंत्री नियुक्त किया है। ग्रेग हैंड्स(Greg Hands) को भारतीय मूल के ऋषि सुनक का घनघोर समर्थक माना जाता है। ग्रेग हैंडस से पहले इस पद पर कोनोर बर्न्स(Conor Burns) नियुक्त थे। बर्न्स पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप रहने का आरोप है। लगातार बढ़ती नाराजगी के बाद पीएम ने बर्न्स को पद से हटा दिया। ऐसा माना जा रहा है कि लिज ट्रस ने यह कदम अपनी कंजरवेटिव पार्टी में हो रहे लामबंदी और विद्रोही कदमों को रोकने के लिए उठाया है।

ऋषि सुनक के कट्टर समर्थक माने जाते हैं ग्रांट शाप्स
बीते सप्ताह कंजरवेटिव पार्टी की वार्षिक बैठक में टकराव स्पष्ट नजर आ रहा था जब मीटिंग में कैबिनेट मंत्री लगातार सांसदों से पीएम के सहयोग करने की अपील कर रहे थे। फिलहाल स्टेट ट्रेड मिनिस्टर के रूप में ग्रेग की नियुक्ति का सुनक के अन्य सहयोगियों ने समर्थन किया है। ग्रेग हैंड्स नियुक्ति के बाद ट्रस मंत्रिमंडल के साथ की कई अन्य पूर्व मंत्रियों ने उन्हें बधाई दी है। पूर्व परिवहन मंत्री और ऋषि सुनक के कट्टर समर्थक माने जाने वाले ग्रांट शाप्स ने इसे लेकर ट्वीट भी किया है।

ऋषि सुनक के करीबियों ने दी बधाई
शाप्स ने ट्विटर पर लिखा है कि ट्रेडिंग के क्षेत्र में ग्रेग हैंड्स से ज्यादा अनुभवी और जानकार कोई नहीं है। लिज ट्रस सरकार का यह एक स्वागत योग्य कदम है। इस पद के लिए अपनी नियुक्ति के बाद ग्रेग हैंड्स ने कहा कि ट्रस सरकार का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात है। ग्रेग हैंड्स की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब ब्रिटेन में आयकर की एक 45 फीसदी दर को समाप्त करने वाली एक प्रमुख कर घोषणा पर सरकार के यू-टर्न लेने के बाद टोरी पार्टी के भीतर कलह की आशंका बढ़ रही है।

आर्थिक मोर्चे पर बुरी तरह फेल हुईं लिज ट्रस
गौरतलब है कि बोरिस जॉनसन के इस्तीफे के बाद ब्रिटेन में हाल ही में प्रधानमंत्री पद संभालने वाली लिज ट्रस आर्थिक मोर्चे पर बुरी तरह से पस्त नजर आ रही हैं। ट्रस सरकार महंगाई पर काबू पाने में विफल साबित हो रही है। इस वजह से ट्रस को अपनी ही पार्टी के सांसदों का विरोध झेलना पड़ रहा है। कई सांसदों ने तो वित्त मंत्री को अल्टीमेटम भी दे दिया है कि यदि ट्रस वित्त मंत्री क्वासी क्वारटेंग को नहीं हटाती हैं तो उन्हें बगावत झेलनी पड़ सकती है।

आखिर कहां गायब हैं ऋषि सुनक?
ब्रिटिश संसद का सत्र 11 अक्टूबर यानी मंगलवार से शुरू होने जा रहा है। इस सत्र में ऋषि सुनक के भी शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे पहले कंजरवेटिव पार्टी की होने वाली सलाना बैठक 3 से 6 अक्टूबर तक चली थी जिसमें शामिल होने से ऋषि सुनक ने इंकार कर दिया था। ऋषि सुनक ने सार्वजनिक बयानों से भी किनारा कर रखा है। सुनक ने आखिरी ट्वीट 8 सितंबर को किया था जो कि रानी एलिजाबेथ के निधन से संबंधित था। ऐसा माना जा रहा है कि सुनक समर्थकों के साथ रणनीति में जुटे हैं।












Click it and Unblock the Notifications