ब्रिटेन: प्रिंस चार्ल्स बने नये राजा, हैरी नए राजकुमार, जानिए उनके बच्चों को क्या उपाधि मिली?
नई दिल्ली, 9 सितंबर: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गुरुवार को स्कॉटलैंड में निधन हो गया। उन्होंने महारानी के रूप में करीब 70 सालों तक शासन किया। महारानी के निधन के बाद अब पूर्व राजकुमार चार्ल्स ब्रिटेन के नए राजा बन गए हैं। इस नई ताजपोशी के बाद ब्रिटेन के शाही परिवार के कुछ सदस्यों के स्टेट्स में भी बड़ा बदलाव हुआ। जिसके तहत अब प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल के बेटे आर्ची माउंटबेटन-विंडसर तकनीकी रूप से अपने नाम के आगे राजकुमार और उनकी बेटी लिलिबेट राजकुमारी लिख सकती हैं।

दरअसल किंग जॉर्ज पंचम द्वारा 1917 में स्थापित प्रोटोकॉल के मुताबिक राजा या महारानी के बच्चे और पोते-पोतियों को ही 'हर रॉयल हाइनेस' या 'हिज रॉयल हाइनेस' और राजकुमार या राजकुमारी की पदवी मिलती है। प्रिंस हैरी और मेगन के बेटे आर्ची महारानी एलिजाबेथ के परपोते थे, इस वजह से उनको राजकुमार का दर्जा नहीं मिल पाया। इसी तरह लिलिबेट भी महारानी की परपोती थीं, ऐसे में उन पर भी यही नियम लागू हुआ, लेकिन अब ब्रिटेन के नए राजा प्रिंस चार्ल्स हैं, उनके पोते और पोती होने के नाते आर्ची और लिलिबेट को नया स्टेट्स मिल गया। वो तकनीकी रूप से अब अपने नाम के आगे राजकुमार/राजकुमारी लगा सकते हैं।
दोनों को नहीं मिल रही थी सुरक्षा
पिछले साल मेगन ने अमेरिकी प्रसारक 'ओपरा विनफ्रे' को एक इंटरव्यू दिया था। जिसमें उन्होंने बताया कि उनके बेटे आर्ची को पुलिस सुरक्षा नहीं मिल रही है, क्योंकि उनके पास उस वक्त कोई पदवी नहीं थी। प्रिंस चार्ल्स के सिंहासन ग्रहण के बाद उनको पदवी मिल गई है। ऐसे में वो शाही परिवार को मिलने वाली सुविधा के हकदार हैं।
आधिकारिक ताजपोशी में लगेगा वक्त
आपको बता दें कि महारानी एलिजाबेथ के पिता का निधन 2 जून 1953 को हुआ था, लेकिन उनकी आधिकारिक ताजपोशी 6 फरवरी 1952 को हुई। इसी तरह चार्ल्स नए राजा घोषित तो हो गए, लेकिन उनकी आधिकारिक ताजपोशी में अभी वक्त लगेगा। ये आधिकारिक प्रोग्राम ब्रिटेन सरकार आयोजित करती है। साथ ही इसका पूरा खर्च वही उठाती है।












Click it and Unblock the Notifications