ब्राजील के राष्ट्रपति बोलसोनारो बोले-कोरोना वायरस की वैक्सीन नहीं लेना मेरा अधिकार है
ब्रासीलिया। ब्राजील के राष्ट्रपति जैर बोलसोनारो एक बार फिर कोरोना वायरस वैक्सीन पर अपने बयान के बाद विवादों में आ गए हैं। बोलसोनारो ने कहा है कि वह कोरोना वायरस की वैक्सीन नहीं लेंगे और यह उनका अधिकार है। बोलसोनारो पहले भी कई बार कोविड-19 वैक्सीन प्रोग्राम पर अपनी आशंकाएं जता चुके हैं। ब्राजील के राष्ट्रपति इस महामारी की शुरुआत से ही विवादों में घिरे रहे हैं उन्होंने लॉकडाउन से लेकर मास्क पहनने तक के फैसले की आलोचना की थी।

अक्टूबर में उड़ाया था मजाक
गुरुवार को बोलसोनारो का बयान कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव टेलीकास्ट किया गया। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक राइट विंग के नेता बोलसोनारो को कहते हुए सुना जा सकता है कि कांग्रेस को ब्राजील के लोगों के वैक्सीन की जरूरत नहीं पड़ेगी। बोलसोनारो का यह बयान ऐसे समय में आया है जब ब्राजील दुनिया का दूसरा ऐसा देश बन गया है जहां पर कोविड-19 की वजह से सबसे ज्यादा मौत हुई हैं। पहले नंबर पर अमेरिका का नाम है। जुलाई में राष्ट्रपति खुद कोविड-19 से संक्रमित हो गए थे। कई माह तक तो वह महामारी की गंभीरता को स्वीकारने के लिए तैयार ही नहीं थे। वैक्सीन पर बोलसोनारो ने कहा, 'मैं आपको बता रहा हूं, मैं इसे नहीं लूंगा। यह मेरा अधिकार है।' रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक बोलसोनारो न सिर्फ वैक्सीन बल्कि मास्क की प्रभावशीलता को लेकर भी आशंकित हैं। उनका कहना था कि इस बात के सुबूत बहुत कम हैं कि मास्क की वजह से वायरस फैलने से बचता है। अक्टूबर में ट्विटर पर आकर बोलसोनारो ने यह कहते हुए कोविड-19 के टीकाकरण की मजाक उड़ाया था कि उनके कुत्ते को ही वैक्सीन की जरूरत पड़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications