अफगानिस्तान: काबुल की मस्जिद में ब्लास्ट, जाने-माने मौलवी की मौत
काबुल। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में ब्लास्ट की खबरें हैं। टोलो न्यूज की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक ब्लास्ट एक मस्जिद में हुआ है और इसमें दो लोगों की मौत हो गई है। ब्लास्ट में नौ से ज्यादा लोग घायल हैं। देश के आतंरिक मंत्रालय की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है।

जुमे की नमाज अता करने इकट्ठा थे लोग
काबुल के पकटिया कोट इलाके में स्थित मस्जिद में ब्लास्ट उस समय हुआ जब लोग जुमे की नमाज अता करने के लिए इकट्ठा हुए थे। ब्लास्ट दोपहर करीब 1:20 मिनट पर हुआ। इस ब्लास्ट में देश के जान-माने मौलवी मौलवी समीउल्ला राइहान की भी मौत हो गई है। वह मस्जिद के इमाम थे। इंटरनेट पर कुछ यूजर्स ने उन्हें अफगानिस्तान के कुछ सर्वश्रेष्ठ मौलवियों में से एक बताया है। काबुल में 20 मई को भी एक आतंकी हमला हुआ था जिसमें एक बंदूकधारी ने चेकप्वाइंट पर स्थित सुरक्षाकर्मियों को अपना निशाना बनाया था। उस हमले में तीन पुलिस ऑफिसर्स की मौत हो गई थी वहीं तीन लोग घायल हो गए थे। पिछले कुछ समय से तालिबान ने अफगानिस्तान में सुरक्षाकर्मियों पर हमले काफी तेज कर दिए हैं। अफगानिस्तान में पिछले 17 वर्षों से युद्ध चल रहा है और कई कोशिशों के बाद भी हालात सुधर नहीं पा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications