पाकिस्तान को गैर-नाटो सहयोगी देश का दर्जा खत्म करने के लिए अमेरिका ने उठाया बड़ा कदम
वॉशिंगटन। पाकिस्तान को गैर-नाटो सहयोगी के दर्जे को समाप्त करने के लिए अमेरिकी कांग्रेस में एक बिल पेश हुआ है। इस प्रस्ताव में पाकिस्तान के प्रमुख गैर-नाटो सहयोगी के दर्जे को खत्म करने और दोबारा यह दर्जा दिए जाने की स्थिति में विशेष शर्तों का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिपब्लिकन मेंबर ऐंडी ब्रिग्स द्वारा हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में प्रस्ताव 73 पेश किया गया।

इस प्रस्ताव में कहा गया है कि भविष्य में पाकिस्तान को फिर से प्रमुख गैर-नाटो सहयोगी का दर्जा देने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति को कांग्रेस के सामने यह प्रमाणित करना होगा कि पाकिस्तान हक्कानी नेटवर्क की आजादी और उनके गवतिविधियों को रोकने के लिए आवश्यक सैन्य अभियानों का संचालन कर रहा है।
इस प्रस्ताव के मुताबिक, पाकिस्तान को अमेरिकी कांग्रेस के सामने यह भी साबित करना होगा कि उन्होंने हक्कानी नेटवर्क जैसे आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई की है और उन्हें अपने मुल्क में सुरक्षित पनाह नहीं दी है। वहीं, पाकिस्तानी सरकार को यह बताना होगा कि उन्होंने अफगानिस्तान सरकार के साथ आतंकवाद को रोकने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए खास कदम उठाए हैं।
साथ ही प्रस्ताव में राष्ट्रपति को यह प्रमाणित करने के लिए कहा गया है कि पाकिस्तान ने हक्कानी नेटवर्क के वरिष्ठ नेताओं और मध्य स्तर के गुर्गों को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ मुकदमा चलाने में प्रगति दिखाई है। इसके बाद ही फिर से नाटो-सहयोगी लिस्ट में पाकिस्तान को रखने का विचार किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: क्यों इमरान खान की सरकार में पाकिस्तान के साथ बातचीत असंभव दिख रही?












Click it and Unblock the Notifications