बांग्लादेश में हिंदुओं से हिंसा पर आखिरकार टूटी बाइडेन प्रशासन की नींद, NSA ने मोहम्मद यूनुस को किया फोन
Bangladesh News: बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं और उनके पूजा स्थलों पर बड़े पैमाने पर किए जा रहे हमले को लेकर जब अमेरिका के अंदर आक्रोश बढ़ने लगा और जो बाइडेन की चुप्पी की आलोचना होने लगी, तब जाकर बाइडेन प्रशासन का नीद टूटा है।
अमेरिकी हिंदुओं के बढ़ते गुस्से के बीच अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने सोमवार को बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस से बात की और दोनों नेताओं ने इस अशांत दक्षिण एशियाई देश में मानवाधिकारों की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।

बाइडेन प्रशासन की आखिरकार टूटी नींद (Jake sullivan Calls Muhammad Yunus)
बाइडेन प्रशासन ने ये फोन कॉल उस वक्त किया है, जब उसके पास अमेरिका की सत्ता एक महीने से भी कम वक्त के लिए बचा है। अगले महीने 20 जनवरी को डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, बाइडेन प्रशासन की तरफ से तब जाकर बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस को फोन किया गया, जब भारतीय अमेरिकी डेमोक्रेटिक सांसद, श्री थानेदार ने व्हाइट हाउस से बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या और मंदिरों को नष्ट करने के मुद्दे को देश की अंतरिम सरकार के प्रमुख के सामने जोरदार तरीके से उठाने की मांग की थी।
थानेदार ने पिछले सप्ताह यूएस कैपिटल (अमेरिकी संसद) में संवाददाताओं से कहा था, कि "संयुक्त राज्य अमेरिका के पास उत्पीड़ितों की सहायता करने का एक लंबा इतिहास है और यह मुद्दा भी इससे अलग नहीं होना चाहिए। जब हमें मदद के लिए वैश्विक आह्वान प्राप्त होता है, तो हमें मानवाधिकारों के मामले में दुनिया के अग्रणी के रूप में उचित तरीके से जवाब देना चाहिए। हमें प्रधानमंत्री मुहम्मद यूनुस से शांति बहाल करने और समानता और न्याय के सिद्धांतों पर राष्ट्र के पुनर्निर्माण के अपने वादे को पूरा करने का आग्रह करना चाहिए।"
बाइडेन प्रशासन ने मोहम्मद यूनुस की तारीफ की (Bangladesh Hindu Violance)
रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस ने कहा है, कि कॉल के दौरान NSA सुलिवन ने चुनौतीपूर्ण समय में बांग्लादेश का नेतृत्व करने के लिए यूनुस को धन्यवाद दिया।
कॉल की जानकारी देते हुए व्हाइट हाउस ने कहा है, कि "सुलिवन ने समृद्ध, स्थिर और लोकतांत्रिक बांग्लादेश के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका के समर्थन को दोहराया और बांग्लादेश के सामने आने वाली चुनौतियों का सामना करने में संयुक्त राज्य अमेरिका के निरंतर समर्थन की पेशकश की।"
वहीं, हिंदू एक्शन ने कहा है, कि हिंदुओं के खिलाफ क्रूर हमलों की परेशान करने वाली खबरें सामने आती रहती हैं, खासकर पिछले दो हफ्तों में, क्योंकि जमीन पर प्रभावित लोगों की ओर से मदद की हताशाजनक अपीलें सामने आ रही हैं। हिंदू एक्शन के कार्यकारी निदेशक उत्सव चक्रवर्ती ने कहा, कि बांग्लादेश में पिछले साढ़े पांच महीनों में जो कुछ हुआ है, उससे साफ पता चलता है कि "मुहम्मद यूनुस जमात-ए-इस्लामी में अपने सहयोगियों को नियंत्रित करने में नाकाम रहे हैं।
जो अब देश भर में घूम रहे हैं, मंदिरों को जला रहे हैं, लोगों की हत्या कर रहे हैं, महिलाओं के साथ बलात्कार कर रहे हैं और हिंदू समुदाय के पुजारियों और नेताओं को कैद करके उनके खिलाफ अत्याचार कर रहे हैं।"
चक्रवर्ती ने कहा, कि "जैसा कि कांग्रेसी थानेदार ने कहा है, बांग्लादेश पर प्रतिबंध लगाना हमारे वर्तमान प्रशासन के साथ-साथ आने वाले प्रशासन का भी कर्तव्य है।" उन्होंने कहा, "यह महत्वपूर्ण है कि हम बांग्लादेश की सीमाओं के भीतर रहने वाले हिंदुओं, सभी 15 मिलियन लोगों, साथ ही बौद्धों और ईसाइयों के लिए सुरक्षित स्वायत्त क्षेत्रों के लिए स्पष्ट रूप से एक रास्ता तैयार करें।"












Click it and Unblock the Notifications