भारत-अमेरिका ट्रेड डील से पहले ट्रंप के सलाहकार पीटर ने उगला जहर- 'ये लोग डाकुओं की तरह पैसा कमा रहे हैं'
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के मुख्य व्यापार वार्ताकार ब्रेंडन लिंच भारत दौरे पर हैं। 16 सितंबर मंगलवार को वो भारतीय प्रतिनिधियों के साथ भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) पर गहन चर्चा करेंगे। यह बैठक तब हो रही है, जब अमेरिका द्वारा भारतीय आयात पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने के बाद दोनों देशों के व्यापारिक संबंध प्रभावित हुए हैं।
इस बैठक से ठीक पहले व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने सोमवार को भारत की व्यापार नीतियों पर निशाना साधते हुए फिर जहर उगला है। उन्होंने भारत की व्यापार नीतियों और रूस से तेल खरीदने के मामले में कड़ी आलोचना की है।

यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत-अमेरिकी संबंधों को मजबूत करने की बात कर रहे हैं।
भारत पर "अनुचित व्यापार प्रथाओं" का आरोप लगाया
नवारो ने सीएनबीसी को दिए एक साक्षात्कार में भारत पर "अनुचित व्यापार प्रथाओं" का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत के टैरिफ दुनिया में सबसे अधिक हैं और उसके गैर-टैरिफ अवरोधक भी बहुत ऊंचे हैं। नवारो के अनुसार, अमेरिका को भारत के साथ भी वही रणनीति अपनानी होगी जो वह अन्य देशों के साथ अपनाता है। उन्होंने आगे कहा, "भारत बातचीत के लिए आ रहा है।
रूस पर लगाए ये आरोप
उन्होंने कहा "भारतीय रिफाइनर आक्रमण के तुरंत बाद रूसी रिफाइनरों के साथ थे। यह पागलपन है, क्योंकि वे अनुचित व्यापार के माध्यम से हमसे पैसा कमाते हैं और कई श्रमिकों को इसका नुकसान होता है। वे उस पैसे का उपयोग रूसी तेल खरीदने के लिए करते हैं, और रूसी उस पैसे का उपयोग हथियार खरीदने के लिए करते हैं।"
दिल्ली में होगी भारत-अमेरिका के बीच वार्ता
यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि सहायक ब्रेंडन लिंच सोमवार रात, 15 सितंबर को भारत पहुंच चुुक हैं। एचटी की रिपोर्ट के अनुसार, वह भारत के मुख्य वार्ताकार राजेश अग्रवाल के साथ बातचीत करेंगे। अग्रवाल ने बताया कि दोनों पक्ष बातचीत को "तेज" करने का इरादा रखते हैं, और लिंच की एक दिवसीय यात्रा की पुष्टि की।
बता दें ट्रंप ने भी भारत और अमेरिका के बीच व्यापार बाधाओं को दूर करने के लिए बातचीत जारी रखने की बात कही थी। उन्होंने कहा था, "मैं अपने अच्छे दोस्त प्रधानमंत्री मोदी से जल्द बात करने को उत्सुक हूं।" दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते पर साप्ताहिक चर्चाएं जारी हैं।
भारत पर अधिक टैरिफ लागू किए जाने के बाद हो रही बैठक
अमेरिकी टीम की यात्रा मूल रूप से 25 से 29 अगस्त के बीच निर्धारित थी, लेकिन रूसी तेल खरीद "यूक्रेन युद्ध को वित्त पोषित करने" के लिए भारत पर अमेरिकी उत्पादों पर लगाए गए भारी शुल्कों को लेकर बढ़ते तनाव के बीच इसे रद्द कर दिया गया था। इन शुल्कों में से 25 प्रतिशत अगस्त के पहले सप्ताह में अमेरिका द्वारा वैश्विक व्यापार पुनर्गठन के हिस्से के रूप में प्रभावी हुए; और रूसी तेल पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत 27 अगस्त को लागू हुए।












Click it and Unblock the Notifications