'पिप्पा' करने के बाद Ishaan Khatter को मिला बड़ा सम्मान, 45th Cavalry की मानद सदस्यता से नवाजे गए एक्टर
Ishaan Khatter: ईशान खट्टर इन दिनों अपनी उपलब्धि को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं। फिल्म 'पिप्पा'(Pippa) में भारतीय सेना के अधिकारी का दमदार किरदार निभाने वाले एक्टर को अब इंडियन आर्मर्ड कोर की 45वीं कैवेलरी (45th Cavalry) ने मानद सदस्यता देकर सम्मानित किया है। इस खास सम्मान के बाद ईशान ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी और भावनाएं भी शेयर की हैं।
ईशान खट्टर की क्यों हो रही चर्चा?
ईशान खट्टर ने इस सम्मान को अपने जीवन का सबसे बड़ा गौरव बताया है। सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों और वीडियोज में ईशान बेहद भावुक और गर्व महसूस करते नजर आ रहे हैं।

45वीं कैवेलरी ने दिया खास सम्मान
-ईशान खट्टर को ये सम्मान फिल्म 'पिप्पा' में 45वीं कैवेलरी के अधिकारी के किरदार को प्रभावशाली तरीके से निभाने के लिए दिया गया है। समारोह के दौरान उन्हें एक स्मृति पट्टिका (Memorial Plaque) भी भेंट की गई, जिसमें उनके अभिनय और रेजिमेंट के मूल्यों के प्रति सम्मान की सराहना की गई है।
-Memorial Plaque पर लिखा गया है कि 45वीं कैवेलरी गर्व के साथ ईशान खट्टर को ऑफिसर्स मेस की मानद सदस्यता प्रदान करती है। इसके साथ ही उसमें 'वन्स अ कैवलियर, ऑलवेज कैवलियर' और 'वीर भोग्या वसुंधरा' जैसे मैसेज भी अंकित थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें और वीडियोज
-ईशान द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में समारोह के कई खास पल नजर आए। एक फोटो में वह सफेद शर्ट और ब्लैक ट्राउजर में डांस करते दिखाई दिए जबकि दूसरे भावुक पल में सैन्य अधिकारियों ने उन्हें सम्मानित किया।
-तस्वीरों में उनके परिवार और करीबी लोग भी नजर आए, जो इस खास उपलब्धि का जश्न मनाने पहुंचे थे। इसके अलावा 45वीं कैवेलरी के प्रतीक चिन्ह वाली कैप भी तस्वीरों में दिखाई दी। एक वीडियो में ईशान खट्टर अपने शानदार डांस मूव्स से माहौल को और भी खुशनुमा बनाते नजर आए।
ईशान खट्टर ने लिखा इमोशनल नोट
-ईशान खट्टर ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि इंडियन आर्मर्ड कोर की 45वीं कैवेलरी की मानद सदस्यता मिलना उनके लिए जीवन भर का सम्मान है। उन्होंने कहा कि अब वह गर्व से इसे अपनी रेजिमेंट कह सकते हैं।
-ईशान ने आगे लिखा- एक ऐसे इंसान के लिए, जिसका सैन्य जीवन से कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं रहा, ये सम्मान बेहद खास और अविश्वसनीय है। उन्होंने भारतीय सेना के बहादुर जवानों के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि वह हमेशा देश की सेवा करने वालों के प्रति अपना समर्थन बनाए रखेंगे।
1971 के युद्ध पर आधारित थी फिल्म 'पिप्पा'
-फिल्म 'पिप्पा' साल 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी वॉर ड्रामा मूवी है। इसकी कहानी ब्रिगेडियर बलराम सिंह मेहता की किताब 'द बर्निंग चैफीज' से प्रेरित थी।
-फिल्म में दिखाया गया कि कैसे कैप्टन बलराम सिंह मेहता और उनके साथियों ने पूर्वी मोर्चे पर बहादुरी से लड़ाई लड़ी थी। इसी युद्ध के बाद बांग्लादेश का गठन हुआ था। फिल्म का नाम 'पिप्पा' सोवियत युद्धक टैंक PT-76 के निकनेम से लिया गया था, जिसका इस्तेमाल 45वीं कैवेलरी करती थी।
दमदार स्टारकास्ट ने जीता था दर्शकों का दिल
राजा कृष्णा मेनन द्वारा निर्देशित इस फिल्म में ईशान खट्टर के साथ मृणाल ठाकुर, प्रियांशु पेनयुली और सोनी राजदान भी अहम भूमिका में नजर आए थे। फिल्म में ईशान खट्टर ने कैप्टन बलराम सिंह मेहता का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों ने काफी सराहा था।













Click it and Unblock the Notifications