बांग्लादेश के दिग्गज क्रिकेटर शाकिब अल-हसन लड़ेंगे संसदीय चुनाव, जानिए किस पार्टी ने कहां से दिया टिकट?
Shakib Al Hasan: बांग्लादेश के दिग्गज क्रिकेटर शाकिब अल हसन अपने देश के 12वें संसदीय चुनाव में हिस्सा लेंगे। बांग्लादेश की सत्ताधारी पार्टी अवामी लीग ने शाकिब अल हसन को लोकसभा चुनाव का टिकट दिया है और अपने नामांकन की पुष्टि मिलने के बाद, शाकिब अपने गृह जिले मगुरा-1 निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
बांग्लादेश में अगले साल 7 जनवरी को संसदीय चुनाव होने वाले हैं और बांग्लादेशी चुनाव काफी ज्यादा विवादों में है, क्योंकि विपक्ष और सत्ताधारी पार्टी चुनावी पारदर्शिता को लेकर आमने-सामने रही है। पिछले दिनों विपक्ष ने हिंसक प्रदर्शन भी किया था। वहीं, अमेरिका समेत पश्चिमी देश भी बांग्लादेश में होने वाले चुनाव पर नजर रख रहे हैं।

शाकिब अल हसन लड़ेंगे लोकसभा चुनाव
शाकिब ने हाल ही में वनडे विश्व कप 2023 में बांग्लादेश का नेतृत्व किया था, हालांकि बांग्लादेश के लिए विश्व कप अच्छा नहीं रहा था। शाकिब अल हसन, बांग्लादेश क्रिकेट सर्किट से राजनीति में आने वाले पहले व्यक्ति नहीं होंगे। पिछले चुनाव में पूर्व कप्तान मशरफे मुर्तजा नरैल से सांसद बने थे, जबकि उनसे पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजमुल हसन ने 2009 में सांसद का पद संभाला था।
चुनाव लड़ने के उनके फैसले का उनके क्रिकेट कर्तव्यों पर संभावित प्रभाव पड़ सकता है जब वह चुनाव प्रचार करेंगे। बांग्लादेश को 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इसके बाद उन्हें 11 दिसंबर से 31 दिसंबर तक छह सीमित ओवरों के मैचों के लिए न्यूजीलैंड की यात्रा करनी होगी। यह दिलचस्प होगा यह देखने के लिए कि क्या वह मतदान अभियान के बावजूद न्यूजीलैंड में खेल पाएंगे।
वनडे विश्व कप 2023 में, शाकिब कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे और उनके नेतृत्व वाली टीम आठवें नंबर पर रही थी और सिर्फ दो मैचों में ही जीत दर्ज कर सकी थी। हालांकि, आठवें नंबर पर रहने की वजह से बांग्लादेश की टीम साल 2025 में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में सीधे प्रवेश कर चुकी है। बांग्ला टाइगर्स ने टूर्नामेंट में अपने नौ मैचों में केवल अफगानिस्तान और श्रीलंका को ही हराया था।
वहीं, शाकिब अल असन उस वक्त विवादों में घिर गये थे, जब श्रीलंका के खिलाफ मैच में उन्होंने श्रीलंकन स्टार बल्लेबाज एंजलो मैथ्यूज के खिलाफ टाइमऑउट अपील की थी और मैथ्यूज को ऑउट दिया गया था, जिसकी क्रिकेट वर्ल्ड में काफी आलोचना की गई थी।
वहीं, बांग्लादेश की राजनीति पर नजर रखने वाले एक्सपर्ट्स का कहना है, कि शेख हसीना की अवामी लीग घरेलू मोर्चों पर कई मुद्दों पर घिरी हुई है, लिहाजा वो शाकिब अल हसन की लोकप्रियता को भुनाना चाहती है और इसीलिए बांग्लादेशी क्रिकेट टीम के कप्तान को लोकसभा का टिकट दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications