पाकिस्तान के प्यादे जमात-ए-इस्लामी से प्रतिबंध हटाएगा बांग्लादेश, हिंदुओं के खिलाफ हिंसा करने का मिला अवार्ड?
Jamaat-e-Islami: बांग्लादेश की नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार ने इस्लामी कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी, जिसने बांग्लादेश में कई बम धमाके करवाए हैं, और जिसने हिंदुओं पर कई हमले करवाए हैं, उसपर लगे प्रतिबंध को हटाने का फैसला किया है।
पिछली शेख हसीना की नेतृत्व वाली सरकार ने सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान 1 अगस्त को जमात-ए-इस्लामी पर प्रतिबंध लगा दिया था। देश की कोटा प्रणाली के खिलाफ छात्रों के विरोध के रूप में शुरू हुआ यह आंदोलन उनके 15 साल के शासन के खिलाफ एक बड़े आंदोलन में बदल गया, क्योंकि जमात और विपक्षी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) भी सड़कों पर उतर आए थे।

अब, चूंकि बीएनपी और जमात ने हसीना के बाद बांग्लादेश की राजनीति में एक प्रमुख भूमिका निभाई है, इसलिए यूनुस सरकार जमात पर प्रतिबंध हटाने के लिए तैयार है।
लिहाजा, सवाल ये उठ रहे हैं, जिसे मोहम्मद यूनुस को कंधे पर लेकर भारत सहित दुनिया के कई सेक्युलर नेता और बुद्धिजीवी उछल रहे थे, उनके शासन करने का यही तरीका है। इस फैसले से ये भी साबित होता है, कि इस्लामिक देशों में, कोई शख्स कितना भी पढ़ा-लिखा क्यों ना हो, वो कम से कम सेक्युलर नहीं हो सकता है।
जमात-ए-इस्लामी के खिलाफ लगा प्रतिबंध हटेगा
जमात-ए-इस्लामी के वकील मोहम्मद शिशिर मनीर ने सोमवार को मीडिया को बताया, कि प्रतिबंध हटाने का फैसला बांग्लादेश की सेना और शेख हसीना के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व करने वाले प्रदर्शनकारियों द्वारा समर्थित अनिर्वाचित अंतरिम सरकार के प्रमुख यूनुस के साथ बैठक के बाद लिया जा रहा है।
ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक मनीर ने कहा, कि "5 अगस्त को पूर्ववर्ती सरकार गिर गई थी। उसी दिन सेना प्रमुख और बंगभवन के कार्यालय में राजनीतिक दलों के बीच बैठकें हुईं। देश के प्रमुख राजनीतिक दलों में से एक जमात-ए-इस्लामी को औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया था। बाद में, अंतरिम सरकार की सलाहकार परिषद के गठन में जमात ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई... 12 अगस्त को जमात ने मुख्य सलाहकार (यूनुस) के साथ आधिकारिक बैठक की। बैठक की चर्चा के मुताबिक, कानूनी पहलुओं की जांच की गई और तत्काल समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।"

हिंदुओं के खिलाफ हिंसा करने का अवार्ड?
जमात एक कट्टर इस्लामवादी और पाकिस्तान समर्थक संगठन है, जिसका अतीत में हिंदुओं के खिलाफ़ हिंसा से खतरनाक संबंध रहा है। शेख हसीना के सत्ता से बाहर होने के बाद से, देश में हिंदुओं और अन्य जातीय अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की लहर चल रही है। आम हिंदुओं, हिंदू राजनेताओं, हिंदू घरों और हिंदू मंदिरों के खिलाफ 200 से ज्यादा हमलों का दस्तावेजीकरण किया गया है। जमात ने 2001 में भी हिंदुओं के खिलाफ भारी हिंसा किया था।
2001 में, बीएनपी-जमात गठबंधन ने बांग्लादेशी चुनावों में जीत हासिल की थी। अपनी जीत के बाद, उनके कार्यकर्ताओं ने देश के अल्पसंख्यकों पर हिंसा की लहर चलाई, जिसमें सैकड़ों हमले और महिलाओं के साथ बलात्कार की खबरें आईं थी। बाद के वर्षों में गठित एक न्यायिक आयोग ने निष्कर्ष निकाला, कि 200 से ज्यादा हिंदू महिलाओं के साथ बलात्कार किया गया और हिंसा में लगभग 25,000 बीएनपी और जमात कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया था।
1971 में पाकिस्तान के खिलाफ स्वतंत्रता आंदोलन में, जमात-ए-इस्लामी ने पाकिस्तानी शासन का समर्थन किया था, जो पाकिस्तान की उर्दू संस्कृति को लागू करने के लिए बंगाली संस्कृति के खात्मे पर जोर देते हुए मूल बांग्लादेशियों पर व्यवस्थित रूप से अत्याचार कर रहा था।
बांग्लादेशी राजनीति में जमात की भूमिका बढ़ने के साथ, पाकिस्तान का प्रभाव भी बढ़ सकता है और बांग्लादेश एक बार फिर से भारत विरोधी तत्वों का घर बन सकता है। इससे पहले, शीर्ष खुफिया सूत्रों ने सीएनएन-न्यूज 18 को बताया था, कि पाकिस्तान ने न केवल शेख हसीना के खिलाफ जमात और उसके छात्र विंग के आंदोलन को फंड दिया था, बल्कि उनके आंदोलन को कैसे आगे बढ़ाया जाए, इस बारे में ब्रीफिंग भी की थी।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का अंतिम लक्ष्य बांग्लादेश में बीएनपी-जमात सरकार को निर्वाचित कराना है।












Click it and Unblock the Notifications