मुंबईकर हो जाएं अलर्ट! मानसून में समुद्र दिखाएगा रौद्र रूप, BMC ने जारी किया हाई टाइड अलर्ट
Mumbai High Tide Alert: मुंबई में रहने वालों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। शहर में मानसून के साथ समुद्र का मिजाज भी काफी खतरनाक होने वाला है। मॉनसून में मुंबई में समुद्र एक नहीं कई बार रौद्र रूप धारण करने वाला है। समुद्र से जानलेवा ऊंची समुद्री लहरें उठेगीं।
गुरुवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि जून से सितंबर के बीच 24 बार 4.5 मीटर से ज्यादा ऊंची हाई टाइड आएगी। ऐसे में मुंबईकरों को समुद्र किनारे जाने से बचने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

16 जुलाई को सबसे बड़ा खतरा
BMC के अनुसार, इस मानसून का सबसे खतरनाक हाई टाइड 16 जुलाई को आने की संभावना है। उस दिन समुद्री लहरें करीब 4.89 मीटर तक ऊंची उठ सकती हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों को समुद्र तट और तटीय इलाकों से दूर रहने की सख्त सलाह दी है। पहली हाई टाइड की शुरुआत 14 जून से 19 जून के बीच होने वाली है।
चार महीनों में 24 बार हाई टाइड का अलर्ट
मानसून के दौरान जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर में कई बार समुद्र उफान पर रहेगा। BMC के आंकड़ों के मुताबिक जून में 6, जुलाई में 6, अगस्त में 5 और सितंबर में 7 बार 4.5 मीटर से अधिक ऊंची हाई टाइड दर्ज की जाएगी।
समुद्र किनारे सेल्फी और सैर से बचें
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हाई टाइड के दौरान समुद्र किनारे घूमने, सेल्फी लेने या पानी के करीब जाने की गलती न करें। तेज हवाएं और ऊंची लहरें हादसों का कारण बन सकती हैं। वहीं मछुआरों को भी विशेष सतर्कता बरतने और मौसम संबंधी सभी चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications