Balen Shah Nepal New PM: कौन हैं 35 साल के रैपर बालेंद्र शाह? जो बनने जा रहे हैं नेपाल के नए प्रधानमंत्री
Balen Shah Nepal New PM: नेपाल की राजनीति में एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक भूचाल आ गया है। दशकों पुराने राजनीतिक गढ़ों को ध्वस्त करते हुए मेयर बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्रता पार्टी (RSP) स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ रही है। इसे नेपाल की 'Gen-Z क्रांति' कहा जा रहा है, जहाँ युवाओं ने सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़क से लेकर बैलेट बॉक्स तक अपनी ताकत दिखाई है। चुनावी रुझानों में आरएसपी 101 सीटों पर बढ़त बनाकर किंगमेकर से सीधे किंग बनने की राह पर है।
यह चुनाव दिग्गज नेताओं के लिए किसी दुःस्वप्न से कम नहीं है। चीन समर्थक केपी शर्मा ओली अपनी पार्टी की मात्र 9 सीटों की बढ़त और खुद बालेन शाह से 5100 वोटों से पीछे चल कर दोहरी हार की कगार पर हैं। वहीं, नेपाली कांग्रेस भी महज 12 सीटों पर सिमटती दिख रही है।

Who is Balendra Shah- बालेंद्र शाह कौन हैं?
बालेन शाह (Balen Shah) काठमांडू के 15वें मेयर, सिविल इंजीनियर और रैपर हैं। उनका पूरा नाम बालेंद्र शाह है। उन्होंने 2022 में स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतकर इतिहास रचा। वहीं लोगों का मानना है कि, उनके कार्यकाल में काठमांडू में कई बड़े सुधार किए गए हैं, जैसे:
- सड़कों की सफाई और फुटपाथों को पैदल यात्रियों के लिए साफ-सुथरा बनाना
- सरकारी स्कूलों की निगरानी को बेहतर करना
- टैक्स चोरी करने वाले निजी स्कूलों पर कड़ा नियंत्रण
- बालेन की सबसे बड़ी ताकत उनकी बेदाग छवि और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति रही है।
टाइम मैगज़ीन के टॉप 100 उभरते नेताओं में नाम
साल 2023 में टाइम मैगज़ीन ने उन्हें टॉप 100 उभरते नेताओं की सूची में शामिल किया, जबकि न्यूयॉर्क टाइम्स जैसे वैश्विक मीडिया ने भी उनकी कुशल नेतृत्व क्षमता और लोकप्रियता की तारीफ की। उनकी लोकप्रियता खासकर युवाओं में अधिक है, और यही वजह है कि उन्हें नेपाल की राजनीति में नई उम्मीद का प्रतीक माना जाता है। हाल ही में उन्होंने 'Gen Z' के नेतृत्व वाले प्रदर्शन का समर्थन किया। उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि भले ही वे 28 वर्ष से कम आयु के कारण प्रदर्शन में सीधे शामिल नहीं हो सकते, लेकिन उनकी पूरी सहानुभूति और समर्थन प्रदर्शनकारियों के साथ है। साथ ही उन्होंने राजनीतिक दलों और नेताओं से आंदोलन का दुरुपयोग न करने की अपील की।
बालेन शाह के प्रधानमंत्री बनने की मांग और बढ़ता तनाव
जैसे-जैसे चुनावी नतीजे स्पष्ट हो रहे हैं, पूरे नेपाल में बालेन शाह को अगला प्रधानमंत्री बनाने की मांग तेज हो गई है। हालांकि, देश के कई हिस्सों में अभी भी तनाव व्याप्त है और नेपाली सेना ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूर्व पीएम प्रचंड भले ही अपनी सीट पर 4 हजार वोटों से आगे चल रहे हों, लेकिन सरकार बनाने की ताकत अब उनके पास नहीं रही। पूरी दुनिया की नजरें अब काठमांडू पर हैं कि क्या पुरानी व्यवस्था बालेन शाह को शांतिपूर्ण तरीके से सत्ता सौंपेगी या संघर्ष और बढ़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications