‘पीएम मोदी को बॉस कहने का अफसोस है?’ सवाल पर भड़के ऑस्ट्रेलियाई PM, पत्रकार को लगा दी फटकार
भारत और कनाडा के रिश्ते वर्तमान में सबसे बुरे दौर में जा चुके हैं। कनाडा के पीएम ने भारत पर गंभीर आरोप लगाया है। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर खालिस्तानी आतंकी निज्जर की हत्या में संलिप्तता का आरोप लगाया है। इसके साथ ही कनाडा ने भारत के एक शीर्ष राजनयिक को निष्कासित भी कर दिया है।
हालांकि भारत ने इन आरोपों को खारिज करते हुए जैसे को तैसा रुख अपनाया है और कनाडा के एक शीर्ष राजनयिक को पांच दिनों के भीतर देश से निकलने का आदेश जारी कर दिया है। भारत-कनाडा के बीच खालिस्तानी आतंकी की हत्या को लेकर चल रहे इस तनाव का असर ऑस्ट्रेलिया में भी देखने को मिला।

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूछे गए एक सवाल को लेकर एक रिपोर्टर को फटकार लगाई दी। रिपोर्टर ने पीएम मोदी से पूछा था कि कनाडा द्वारा भारत सरकार पर लगाए गए आरोपों के बीच क्या उन्हें इस साल की शुरुआत में नरेंद्र मोदी को 'बॉस' कहने का अफसोस है?
ये सवाल सुनते ही पीएम एंथनी अल्बानीज रिपोर्टर पर भड़क गए। उन्होंने रिपोर्टर को डांट लगाते हुए उससे थोड़ी शालीनता बरतने और शांत रहने को कहा। इससे पहले पीएम अल्बानीज मंगलवार को मेलबर्न में इस मुद्दे पर एक मीडिया सम्मेलन में शामिल होने के लिए अनिच्छुक थे।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं किसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में फाइव आईज इंटेलिजेंस के बारे में बात नहीं करता, मजेदार बात यह है कि इसे इंटेलिजेंस कहा जाता है, क्योंकि हम इस पर अटकलें नहीं लगाते हैं कि इंटेलिजेंस क्या है।"
आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया और कनाडा दोनों अमेरिका, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड के साथ फाइव आईज खुफिया-साझाकरण व्यवस्था के सदस्य हैं।
इसी साल मई में सिडनी में क्यूडोस बैंक एरेना में 20,000 से अधिक लोगों की भीड़ के बीच अल्बानीज ने पीएम मोदी का स्वागत किया था। अल्बानीज ने कहा, "मैंने सिडनी में पीएम मोदी का स्वागत किया, जैसा कि मैं ऑस्ट्रेलिया में अन्य मेहमानों का भी स्वागत करता हूं। लेकिन उन्हें हमारे देश में प्रवासी भारतीयों का भरपूर समर्थन मिल रहा था।
मैंने इससे पहले सिर्फ इस मंच पर ब्रूस स्प्रिंगस्टीन को ही इतना समर्थन मिलते हुए देखा था। मुझे वहां खुद भी वह स्वागत नहीं मिला जो प्रधानमंत्री मोदी को मिला। इसलिए मैंने उन्हें बॉस कहा था।" बता दें कि अमेरिकी गायक स्प्रिंगस्टीन को बॉस उपनाम से जाना जाता है।
अल्बानीज ने कहा कि भारत, इंडोनेशिया, वियतनाम और फिलीपींस ऑस्ट्रेलिया के लिए "सभी महत्वपूर्ण रिश्ते" हैं। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रालय ने कनाडा द्वारा भारत पर लगाए गए आरोपों को लेकर प्रतिक्रिया दी है। ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रालय ने कहा कि कनाडा के लगाए आरोप चिंताजनक हैं और हम इस पर नजर बनाए हुए हैं।
ऑस्ट्रेलिया में विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता पेनी वॉन्ग ने कहा, कि ऑस्ट्रेलिया का मानना है कि सभी देशों को कानून का पालन करना चाहिए और एक-दूसरे की संप्रभुता का सम्मान करना चाहिए। हमने भारत के वरिष्ठ अधिकारियों से अपनी चिंताएं व्यक्त की हैं।
आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में चीन के साथ तनाव की पृष्ठभूमि में भारत के साथ व्यापार और सुरक्षा संबंधों को गहरा करने की कोशिश की है। यह सार्वजनिक रूप से भारत के मानवाधिकार रिकॉर्ड की आलोचना करने में अनिच्छुक रहा है।












Click it and Unblock the Notifications