मरे हुए इंसानों को जिंदा करने का प्लान? इतने पैसे में हमेशा के लिए शवों को सुरक्षित रख रही कंपनी
नई दिल्ली: क्या मरे हुए लोगों को फिर से जिंदा किया जा सकता है? मौजूदा टेक्नोलॉजी और हालात को देखें तो इसका जवाब है- नहीं, लेकिन कुछ वैज्ञानिक ये दावा करते हैं कि इंसान भविष्य में बहुत उन्नत हो जाएंगे। इसके बाद हम मरे हुए इंसानों को जिंदा कर सकते हैं। अब इसी थ्योरी के आधार पर एक कंपनी ने इंसानों के शवों को लंबे वक्त तक सुरक्षित रखने की तकनीकी विकसित की है। (पहली फोटो साभार- Alcor कंपनी)

क्रोयोजेनिक फ्रीजर का इस्तेमाल
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया की एक कंपनी ने हाईटेक फ्रीजर विकसित किया है। इसका हेडक्वार्टर सिडनी में है। कंपनी अपने क्रोयोजेनिक फ्रीजर का उपयोग करके लोगों के शवों को सुरक्षित रख रही है। जब वैज्ञानिक मरे हुए लोगों को जिंदा करने की तकनीक विकसित कर लेंगे, तो वो उन्हें दोबारा दुनिया में लौटने का मौका देगी।

-200 डिग्री में रखेंगे
कंपनी ने बताया कि ग्राहकों को 1.5 लाख डॉलर का भुगतान करना होगा। जिसके बाद वो एक शव को सुरक्षित रहेंगे। भारत के हिसाब से ये कीमत 1.16 करोड़ रुपये होगी। कंपनी के मुताबिक वो भुगतान के बाद मृत शरीर को नाइट्रोजन में डूबा देंगे। इसके बाद उसे माइनस 200 डिग्री सेल्सियस के तापमान पर स्टील के चैंबर में संग्रहित करेंगे।

भविष्य में 600 होंगे संरक्षित
कंपनी ने बताया कि वो एक गैर लाभकारी संगठन हैं और उनके पास 40 शवों को संरक्षित करने की जगह है। जिसमें से ज्यादातर को कंपनी के फाउंडर्स के लिए आरक्षित रखा गया है। हालांकि वो इस प्रोजेक्ट का विस्तार कर रहे, जिसके तहत 600 नए स्पॉट जोड़ने की योजना है।

जिंदा होने की गारंटी नहीं
कंपनी के मुताबिक वो शवों को संरक्षित करने के लिए हाईटेक प्रक्रिया का पालन कर रहे हैं। इससे मरे हुए शख्स के दिमाग को ज्यादा नुकसान नहीं होगा और अगर तकनीकी विकसित हुई तो इंसान को दोबारा जिंदा करने में आसानी होगी। हालांकि वो इस तकनीकी के आने या पैसा रिफंड करने की कोई गारंटी नहीं लेते हैं।

पहले भी आ चुकी है ऐसी स्कीम
वैसे 1970 के दशक में कैलिफोर्निया में क्रोयोनिक्स सोसाइटी ने इसी तरह की योजना चलाई थी। उस कंपनी के जब पैसे खत्म हो गए तो उसने सुविधा को बंद कर दिया और 9 संरक्षित शवों को सड़ने के लिए छोड़ दिया। हालांकि बाद में मुकदमा हुआ और मृतकों के घर वालों ने जीत हासिल की।












Click it and Unblock the Notifications