चीन से 2000 मील दूर, भारत के दोस्त का टिंडल एयर बेस अमेरिका के लिए 'अगला गुआम' कैसे बन रहा? क्यों डरेगा ड्रैगन
Tindal Air Base: चीन को काउंटर करने के लिए भारत और उसके सहयोगी देश लगातार काम कर रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया की तरफ से भी ड्रैगन की नाक में नकेल डालने के लिए काफी तेजी से सैन्य ताकत जुटाई जा रही है।
चीन के साथ संभावित संघर्ष को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया को लेकर अमेरिका का समर्थन बढ़ रहा है। वाशिंगटन पोस्ट ने बताया है, कि ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका, चीन के साथ तनाव बढ़ने पर टिंडल एयर बेस को संभावित लॉन्च साइट में बदलने के लिए सहयोग कर रहे हैं।

बेस पर महत्वपूर्ण अपडेशन में बड़े विमानों के लिए रनवे का विस्तार करना और ईंधन डिपो और गोला-बारूद भंडारण बंकर बनाना शामिल है।
टिंडल एयर बेस से चीन के डरने की वजह
अमेरिका का मकसद इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अपने ठिकानों को सुरक्षित करना है, ताकि अगर चीन अगर फिलीपींस, जापान और गुआम में उसकी अग्रिम पंक्ति की फैसिलिटीज पर हमला करता है, तो फिर वो उसका करारा जवाब दे सके। ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री ने इस बात पर जोर दिया है, कि यह सहयोग क्षेत्र के भीतर डेटरेंस और सामूहिक सुरक्षा पर केंद्रित है। हालांकि, आलोचकों का तर्क है, कि ऑस्ट्रेलिया के अमेरिका के साथ गहरे होते सैन्य संबंध उसे अमेरिका के "51वें राज्य" जैसा बनाते जा रहे हैं।
गुआम में एंडरसन एयर फ़ोर्स बेस पर अमेरिका के पास पहले से ही एक विशाल हवाई संपत्ति मौजूद है। जापान के ओकिनावा में कडेना एयर बेस पर 18वीं विंग, एशिया-प्रशांत में सबसे बड़ी अमेरिकी सैन्य स्थापना और अमेरिकी वायु सेना (USAF) में सबसे बड़ी विंग है। अमेरिका के पास फिलीपींस में नौ ठिकानों तक भी पहुंच है, जिसका इस्तेमाल चीन के खिलाफ संघर्ष में किया जा सकता है, क्योंकि दोनों सहयोगियों के बीच एक पारस्परिक रक्षा संधि (MDT) है।
उत्तरी ऑस्ट्रेलिया का सामरिक महत्व
टिंडल एयर बेस, अमेरिका के लिए रणनीतिक रूप से मूल्यवान है, क्योंकि यह डार्विन सैन्य बेस के नजदीक है, जो महत्वपूर्ण रणनीतिक महत्व और सापेक्ष सुरक्षा रखता है। अमेरिका, उत्तरी ऑस्ट्रेलिया में चुपचाप F-22 स्टील्थ फाइटर्स, B-52 बमवर्षक विमानों और ईंधन भरने और परिवहन विमानों का समर्थन करने के लिए सुविधाओं का निर्माण कर रहा है। यह पहल पूरे क्षेत्र में अमेरिकी सेना को फैलाने की एक व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
ऑस्ट्रेलियाई सरकार अपने सैन्य बुनियादी ढांचे को एडवांस करने में भी भारी निवेश कर रही है। योजनाओं में उत्तरी स्थलों को मजबूत करने पर 14 अरब ऑस्ट्रेलियाई डॉलर खर्च करना शामिल है, जो चीन का मुकाबला करने में क्षेत्र की रणनीतिक भूमिका को उजागर करता है। दोनों देशों ने टिंडल और डार्विन में बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के साथ-साथ उत्तरी ऑस्ट्रेलिया में दो अतिरिक्त हवाई ठिकानों को उन्नत करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है।

बुनियादी ढांचे का विस्तार
अमेरिकी नौसेना ने न सिर्फ ऑस्ट्रेलिया में, बल्कि पड़ोसी देशों में भी सुविधाएं बनाने के लिए प्रस्तावों के लिए अनुरोध जारी किए हैं, जिनकी कीमत 2 अरब डॉलर तक है। यह विस्तार चीन से अपनी दूरी के कारण ऑस्ट्रेलिया की कथित सुरक्षा को रेखांकित करता है। सैन्य विश्लेषकों का सुझाव है, कि अमेरिकी विमान पश्चिमी प्रशांत या दक्षिण चीन सागर में संघर्ष के दौरान, ईंधन भरने समते दूसरे सैन्य कामों के लिए ऑस्ट्रेलियाई ठिकानों का उपयोग कर सकते हैं।
कुल मिलाकर, ये घटनाक्रम बीजिंग के प्रति बढ़ते संदेह और सतर्कता को दर्शाते हैं। ऑस्ट्रेलिया का अमेरिका के साथ बढ़ता सहयोग और सैन्य सुविधाओं में हो रही वृद्धि, चीन से संभावित खतरों के खिलाफ क्षेत्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से एक रणनीतिक संरेखण का संकेत देती है।
टिंडल एयर बेस पर ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका के बीच सहयोग क्षेत्रीय रक्षा गतिशीलता में एक महत्वपूर्ण बदलाव का प्रतिनिधित्व करता है। चूंकि दोनों देश अपनी सैन्य क्षमताओं को उन्नत कर रहे हैं, इसलिए वे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने और आक्रामकता को रोकने के लिए अपनी प्रतिबद्धता के बारे में एक स्पष्ट संदेश देते हैं।
ऑस्ट्रेलिया क्यों है अमेरिका के लिए महत्वपूर्ण?
चीन से दूरी के कारण ऑस्ट्रेलिया को सुरक्षित माना जाता है, भले ही चीनी मिसाइलें पहले की तुलना में ज्यादा सटीक और लंबी दूरी की हों। सैन्य विश्लेषकों ने दावा किया है, कि पश्चिमी प्रशांत या दक्षिण चीन सागर में संघर्ष की स्थिति में, अमेरिकी विमान ईंधन भर सकते हैं और भोजन, गैसोलीन और चिकित्सा उपकरण सहित आपूर्ति प्राप्त कर सकते हैं।
पिछले साल, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया ने टिंडल और डार्विन में बुनियादी ढांचे का विस्तार करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की और उत्तरी ऑस्ट्रेलिया में दो अतिरिक्त हवाई ठिकानों को अपग्रेड करने पर सहमति व्यक्त की थी, जिनके नाम शेरगर और कर्टिन हैं। इन दो ठिकानों को "बेअर लेस" के रूप में क्लासीफाइड किया गया है, जिसका मतलब है, कि उनके पास सीमित बुनियादी ढांचा है।












Click it and Unblock the Notifications