ऑस्ट्रेलिया में समुद्र किनारे दो हेलीकॉप्टर्स की भयानक टक्कर, अब तक 4 की मौत, कई लोग घायल
ऑस्ट्रेलिया का गोल्ड कोस्ट काफी प्रसिद्ध है और अभी इस क्षेत्र में पर्यटन के लिहाज से पीक मौसम है, क्योंकि गर्मियों की लंबी छुट्टियों की वजह से स्कूल भी बंद हैं।

Australia Helicopters Collide: ऑस्ट्रेलिया के प्रसिद्ध गोल्ड कोस्ट पर दो हेलीकॉप्टर्स के बीच खतरनाक टक्कर हुई है और ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने आसमान में दो हेलीकॉप्टर्स की आमने- सामने हुई टक्कर को 'घातक' बताया है। गोल्ड कोस्ट बीच, ऑस्ट्रेलिया का प्रसिद्ध टूरिस्ट स्पॉट है, जहां देश-विदेश के पर्यटक घूमने आते हैं। गोल्ड कोस्ट बीच, ब्रिस्बेन के दक्षिण में मुख्य समुद्र तट है। वहीं, हादसे के बाद ऑस्ट्रेलिया की आपातकालीन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (फोटो क्रेडिट- Nine News Australia)
गोल्ड कोस्ट बीच टकराए हेलीकॉप्टर्स
ऑस्ट्रेलियन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्वींसलैंड एम्बुलेंस सेवा ने ट्विटर पर कहा है, कि घटनास्थल से 13 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, क्वींसलैंड पुलिस ने कहा है, कि शुरूआती जांच से संकेत मिलता है, कि हेलीकॉप्टर दोपहर करीब दो बजे (स्थानीय समय के मुताबिक) टकराए हैं। ऑस्ट्रेलियन ट्रांसपोर्ट सेफ्टी ब्यूरो (एटीएसबी) के चीफ कमिश्नर मुख्य आयुक्त एंगस मिशेल ने एक बयान में कहा कि, "आकाश में हुई ये टक्कर घातक है" और उसकी जांच शुरू हो गई है। हालांकि, इस हादसे में कितने लोगों की मौत हुई है, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है।
हादसे की हो रही है जांच
एंगस मिशेल ने कहा कि, ब्रिस्बेन और कैनबरा में एटीएसबी ऑफिस के अधिकारियों को जांच करने, सबूतों को इकट्ठा करने, मलबे की जांच करने और साइट को मैप करने के साथ-साथ घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों से बात करने और सही जानकारी जुटाने के लिए कहा गया है। उन्होंने इस टक्कर देखने वाले या हेलीकॉप्टर को उड़ान में देखने वाले लोगों से जांचकर्ताओं से संपर्क करने की अपील की है। बयान में कहा गया है, कि प्रारंभिक रिपोर्ट अगले छह से आठ सप्ताह में आएगी और जांच पूरी होने के बाद अंतिम रिपोर्ट दी जाएगी। वहीं, मौके से जो तस्वीरें आई हैं, उसमें रेत पर हेलीकॉप्टर्स के मलबों को देखा जा रहा है और कई अधिकारियों, पानी के जहाज और एंबुलेंस को भी मौके पर देखा जा रहा है।
बीच को फिलहाल किया गया बंद
पुलिस का कहना है, कि सी वर्ल्ड ड्राइव को यातायात के लिए फिलहाल बंद कर दिया गया है और मोटर चालकों और पैदल चलने वालों से क्षेत्र से बचने का आग्रह किया है। आपको बता दें कि, सी वर्ल्ड ड्राइव समुद्री पार्क पर पहुंचने का सबसे मुख्य रास्ता है, जो गोल्ड कोस्ट के केंद्र में पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है। अभी इस क्षेत्र में पर्यटन के लिहाज से पीक मौसम है और गर्मियों की लंबी छुट्टियों की वजह से स्कूल भी बंद हैं, लिहाजा भारी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications