48491 KM प्रति घंटे की रफ्तार से पृथ्वी की ओर आ रहा एस्टेरॉयड, क्रिकेट स्टेडियम जितना बड़ा है आकार
नई दिल्ली, 29 जुलाई: अंतरिक्ष में ग्रहों के अलावा लाखों एस्टेरॉयड घूमते रहते हैं, जिनके पृथ्वी से टकराने का खतरा हमेशा बना रहता है। कुछ दिनों पहले एक बड़ा एस्टेरॉयड पृथ्वी की कक्षा के पास से गुजरा, हालांकि उससे कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन अब एक और मुसीबत धीरे-धीरे पृथ्वी की ओर बढ़ रही है। जिस पर वैज्ञानिक नजर बनाए हुए हैं।

2019 YM6 है नाम
नासा के मुताबिक एक एस्टेरॉयड पृथ्वी की ओर आ रहा है, जिसे 2019 YM6 नाम दिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि ये 31 जुलाई को पृथ्वी की कक्षा में प्रवेश करेगा। उस दौरान इसकी रफ्तार 30131 मील प्रति घंटा (48491 किलोमीटर प्रति घंटे) होगी। वहीं आकार की बात करें तो इसका व्यास 100-230 मीटर के करीब है। वैसे देखा जाए तो ये क्रिकेट मैदान के बराबर है, क्योंकि उसका भी व्यास 130-150 मीटर के करीब होता है।
Recommended Video

4.27 मिलियन मील होगी दूरी
नासा के वैज्ञानिकों के मुताबिक एस्टेरॉयड को खतरनाक श्रेणी में नहीं रखा गया है, क्योंकि इसकी पृथ्वी से दूसरी 4.27 मिलियन मील है, लेकिन फिर भी इसको पूरी तरह से ट्रैक किया जा रहा है। इसके अलावा 2019 YM6 को अपोलो एस्टेरॉयड कैटेगरी में रखा गया है। वहीं नासा 2021 NL4 नाम के एस्टेरॉयड को भी ट्रैक कर रही है, जो 3 अगस्त को पृथ्वी की कक्षा से गुजरेगा। हालांकि ये पहले वाली की तुलना में काफी छोटा है। जिसका व्यास 51-110 मीटर है। साथ ही इसकी रफ्तार 22,548 मील प्रति घंटे है।

एस्टेरॉयड से कितना खतरा?
एस्टेरॉयड को लेकर वैज्ञानिकों की राय एकमत है। अगर कोई छोटा एस्टेरॉयड पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करेगा, तो वो कई टुकड़ों में बंट जाएगा। जिस वजह से उससे धरती पर रहने वाले लोगों को नुकसान नहीं होगा, लेकिन अगर कोई बड़े व्यास का एस्टेरॉयड पृथ्वी से टकराया तो उससे जमीन पर काफी नुकसान होने की संभावना है।

ये है निपटने का प्लान
वैज्ञानिक एस्टेरॉयड को बड़ी चिंता का विषय मानते हैं। उनके मुताबिक आज नहीं तो कल कोई बड़ा एस्टेरॉयड पृथ्वी से जरूर टकराएगा। हालांकि अब इससे निपटने के कई रास्ते खोज लिए गए हैं। जिसमें सबसे अहम है कम्यूनिकेशन सैटेलाइट। पृथ्वी की कक्षा में हजारों सैलेटाइट हैं। जिनका वजन काफी ज्यादा होता है, अगर एक साथ कई सैटेलाइट्स को एस्टेरॉयड की ओर फेंका जाए, तो वो बल से इसका रास्ता बदल देंगे। इसके अलावा चीन एस्टेरॉयड का रास्ता भटकाने के लिए कई रॉकेट को लॉन्च करने की योजना बना रहा है।












Click it and Unblock the Notifications