फिलीस्तीन के राष्ट्रपति अब्बास की हत्या की कोशिश, बॉडीगार्ड को लगी गोली, जानिए किसे होगा मौत से फायदा?
Palestine President: इजराइल और हमास के बीच चल रहे युद्ध के बीच फिलीस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास की हत्या करने की कोशिश की गई है और ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, महमूद अब्बास के बॉडीगार्ड को गोली लगी है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है, कि फिलीस्तीन के राष्ट्रपति पर गोली चलाई जाती है, लेकिन वो गोली उनके बॉडीगार्ड को लगती है।
फिलीस्तीनी राष्ट्रपति की हत्या की इस कोशिश ने पूरे क्षेत्र में दहशत पैदा कर दी है और सवाल उठ रहे हैं, कि आखिर कौन फिलीस्तीनी राष्ट्रपति को मारने की कोशिश कर रहा है। फिलीस्तीनी राष्ट्रपति पर उस वक्त हमला किया गया है, जब इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संकेत दिया है, कि हमास को खत्म करने के बाद गाजा की जिम्मेदारी पहले इजराइल संभालेगा और फिर गाजा को फिलीस्तीनी प्राधिकरण को सौंप दिया जाएगा।

अब्बास को 24 घंटे का अल्टीमेटम
कथित तौर पर वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनी सुरक्षा प्रतिष्ठान के भीतर संगठित "संस ऑफ अबू जंदाल" ने राष्ट्रपति महमूद अब्बास को इजराइल के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए 24 घंटे का समय दिया था। समयसीमा खत्म होने के साथ ही मंगलवार को अब्बास के काफिले पर हमला किया गया। इस हमले में अब्बास के एक बॉडीगार्ड को गोली मार दी गई।
फिलीस्तीनी राष्ट्रपति पर हुए इस हमले की जिम्मेदारी 'संस ऑफ अबू जंदाल' संगठन ने ली है।
इससे पहले राष्ट्रपति अब्बास ने रविवार को वेस्ट बैंक में अमेरिकी विदेश मंत्री एंथनी ब्लिंकन के साथ एक बैठक की थी। ब्लिंकन के साथ अपनी मुलाकात में अब्बास ने इजराइल से गाजा पर अपने हमले रोकने को कहा था।
आपको बता दें, कि फिलिस्तीनी प्राधिकरण टू स्टेट सॉल्यूशन के साथ साथ इजराइल के अस्तित्व को भी स्वीकारता है और वो मानता है, कि अब इजराइल को स्वीकार करने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है, लिहाजा इजराइल के साथ बातचीत करते हुए अलग फिलीस्तीन का निर्माण किया जाए और क्षेत्र में शांति की स्थापनी की जाए, लेकिन हमास इसके खिलाफ है।
हमास, इजराइल के अस्तित्व को नकारता है और वो इजराइल को जड़ से खत्म कर देना चाहता है। हैरानी की बात ये है, तबाह होने के बाद भी गाजा में हमास के लिए अभी भी काफी ज्यादा समर्थन है।
हमास की सैन्य शाखा, इज़ अल-दीन अल-क़सम ब्रिगेड ने घोषणा की थी, कि उसने 7 अक्टूबर की सुबह इजराइल के खिलाफ "अल-अक्सा फ्लड" नामक एक व्यापक हमला शुरू किया था। जिसके बाद इजराइअल ने हमास के खिलाफ जवाबी कार्रवाई शुरू की। गाजा में हमास नियंत्रित फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने घोषणा की है, कि इज़राइल ने 10,022 लोगों को मार डाला, जिनमें 4,104 बच्चे, 2,641 महिलाएं और 397 बुजुर्ग लोग शामिल हैं। गाजा पर इजराइली हमलों में कम से कम 32,000 लोगों के घायल होने का दावा किया गया है।
हम स्वतंत्र तौर पर इन आंकड़ों की पुष्टि नहीं कर सकते हैं।

किसे होगा फायदा?
गाजा के लिए इजरायली सरकार की लीक हुई योजना कुछ संकेत मिले हैं। इस योजना के तहत, इजराइल सरकार की कोशिश गाजा का नियंत्रण भी फिलीस्तीनी प्राधिकरण को सौंपना है, जो पहले भी गाजा का शासन चला चुका है, और जो हिंसा को नकारता है, इजराइल के अस्तित्व को स्वीकार करता है और जो टू स्टेट सॉल्यूशन के रास्ते आगे बढ़ना चाहता है।
फिलिस्तीनियों की आधिकारिक WAFA समाचार एजेंसी के अनुसार, फिलीस्तीनी प्राधिकरण के राष्ट्रपति अब्बास ने कहा है, कि फिलिस्तीनी प्राधिकरण केवल इजरायल-फिलिस्तीनी संघर्ष के "व्यापक राजनीतिक समाधान" के हिस्से के रूप में गाजा में सत्ता संभालेगा।
हालांकि, उन्होंने गाजा पर इजरायल की बमबारी को "नरसंहार युद्ध" बताते हुए इसकी निंदा की और एनपीआर ने अब्बास के हवाले से कहा, कि "मैं इजरायली टैंक के ऊपर (गाजा) नहीं लौटूंगा।" लेकिन, एक्सपर्ट्स का कहना है, कि हमास को खत्म करने के बाद इजराइल, गाजा पट्टी की चाबी राष्ट्रपति अब्बास को सौंप देगा, लिहाजा कोई तो है, जो ये नहीं चाहता है।












Click it and Unblock the Notifications