एंटीगुआ के PM ने कहा-एक नंबर का धोखेबाज है मेहुल चोकसी, भारत पूछताछ करने के लिए स्वतंत्र
Recommended Video
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी को लेकर एंटीगुआ और बार्बूडा के प्रधानमंत्री ने बड़ा बयान दिया है। चोकसी को धोखेबाज बताते हुए उन्होंने कहा कि उसकी अपील खत्म होते ही उसे निर्वासित कर दिया जाएगा। PM गैस्टन ब्राउन ने कहा कि मेहुल चोकसी एक धोखेबाज है और भारतीय एजेंसियां हमारे देश आकर उससे पूछताछ करने के लिए स्वतंत्र हैं। बता दें कि मेहुल चोकसी ने एंटीगुआ के सिटिजनशिप बाय इनवेस्टमेंट प्रोग्राम का इस्तेमाल करते हुए एंटीगुआ की नागरिकता ले ली थी।

ब्राउन ने डीडी न्यूज से कहा कि उन्हें पता नहीं था कि चोकसी धोखेबाज (क्रुक) है, वरना उसे नागरिकता नहीं दी जाती। उसे भारत प्रत्यर्पित किया जाएगा क्योंकि वह एंटिगा का सम्मान नहीं बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा, 'हमारे देश में एक स्वतंत्र न्यायिक व्यवस्था है और यह मामला अदालत के सामने है। इसलिए, मामले में सरकार के पास कोई अधिकार नहीं है। जैसा कि आप जानते हैं, अपराधियों के लिए भी एक प्रक्रिया पूरी करनी होती है। उसने (चोकसी ने) कई बार अपील की और जब तक उसके सारी अपील पर सुनवाई खत्म नहीं हो जाती हम कुछ नहीं कर सकते। लेकिन, एक बार उसकी सारी अपील खत्म हो गई तो उसे भारत प्रत्यर्पित जरूर किया जाएगा।'
मेहुल चोकसी ने लगाया करीब 14 हजार करोड़ का चूना
गौरतलब है कि मेहुल चोकसी और उसके भांजे नीरव मोदी ने फर्जी लेटर ऑफ अंडस्टैंडिंग्स (एओयू) के जरिए पंजाब नैशनल बैंक की मुंबई स्थित बार्डी हाउस शाखा को करीब 14 हजार करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। इस घोटाले का भंडाफोड़ होने पर दोनों भारत छोड़ विदेश भाग गए। चोकसी को 15 जनवरी, 2018 को एंटिगा और बारबूडा की नागरिकता मिल गई। उसने इस वर्ष 17 जून को बॉम्बे हाई कोर्ट में एक हलफनामा दायर कर कहा कि वह अभी एंटीगा में रह रहा है और पीएनबी घोटाले की जांच में सहयोग करना चाहता है।












Click it and Unblock the Notifications