तुर्की में एक और महाशक्तिशाली भूकंप: 7.5 तीव्रता से कांपी धरती, भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ
भूकंप के झटके भारतीय समयानुसार दोपहर तीन बजकर 54 मिनट पर महसूस किए गए। इसका केंद्र अंकारा से 427 किलोमीटर दूर जमीन से 10 किमी अंदर था। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने भी इसकी पुष्टि की है।

तुर्की में प्रकृति का कहर बरस रहा है। सोमवार को देश में एक बार फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस बार रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 7.5 मापी गई। भूकंप के झटके भारतीय समयानुसार दोपहर तीन बजकर 54 मिनट पर महसूस किए गए। इसका केंद्र अंकारा से 427 किलोमीटर दूर जमीन से 10 किमी अंदर था। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने भी इसकी पुष्टि की है।
आपको बता दें कि इससे पहले सुबह छह बजकर 58 मिनट पर आए भूकंप के झटकों से तुर्की और सीरिया में कम से कम 1300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हजारों इमारतें ध्वस्त हो गईं और हजारों लोग घायल हुए हैं। ऐसे में कुछ ही घंटों बाद आए इस दूसरे तेज झटके ने सरकार और प्रशासन की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
भूकंप की मार झेल रहे तुर्की और सीरिया की मदद के लिए अब भारत ने मदद का हाथ बढ़ाया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की अगुआई में सोमवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में इन देशों को मदद पहुंचाने का फैसला लिया गया है। तुर्की सरकार के समन्वय से राहत सामग्री के साथ NDRF और चिकित्सा दलों को भेजने की तैयारी की जा रही है। पीएम ऑफिस के मुताबिक स्पेशल रेस्क्यू टीम में प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड और जरूरी उपकरणों के साथ 100 कर्मियों वाली एनडीआरएफ की दो टीमें भूकंप प्रभावित क्षेत्र में जाने के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही आवश्यक दवाओं के साथ प्रशिक्षित डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टॉफ के साथ मेडिकल टीमें भी प्रभावित स्थलों पर रवाना होंगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताई संवेदना
सोमवार दोपहर बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम सभी तुर्की में आए विनाशकारी भूकंप को देख रहे हैं। तुर्की के पास के देशों में भी नुकसान की आशंका है। भारत के 140 करोड़ लोगों की सहानुभूति सभी भूकंप प्रभावित लोगों के साथ है। इसके अलावा पीएम मोदी ने कहा कि भारत भूकंप प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।












Click it and Unblock the Notifications