शर्मसार हुआ पाकिस्तान, अमेरिका ने लगाई बड़ी पाबंदी
नई दिल्ली। पाकिस्तान को अमेरिका ने एक और बड़ा झटका दिया है। अमेरिका ने पाकिस्तान को धार्मिक आजादी का उल्लंघन करने की वजह से ब्लैकलिस्ट कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता एक्ट 1998 के तहत अगर कोई देश किसी धर्म विशेष के खिलाफ असहिष्णु होता है और लोगों की धार्मिक आजादी का हनन करता है तो उसे इस एक्ट के तहत ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है। इसी एक्ट के तहत अमेरिका ने पाकिस्तान के खिलाफ यह पाबंदी लगाई है।

धार्मिक आजादी का सम्मान करने में विफल
अमेरिका के स्टेट सेक्रेटरी माइकल पोंपियो ने 11 दिसंबर को पाकिस्तान पर इस पाबंदी का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि म्यांमार, चीन, इरिट्रिया, ईरान, नॉर्थ कोरिया, सूडान, सऊदी अरब, ताजकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और पाकिस्तान इस एक्ट के तहत नामित किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान से कहा गया था कि वह अपने रवैये में बदलाव लाए और लोगों की धार्मिक आजादी का सम्मान करे, बावजूद इसके यहां की सरकार ऐसा करने में विफल रही। विशेष धर्म के लोगों के खिलाफ हिंसा देखने को मिली और उनकी हत्या की गई।

चेतावनी दी थी
रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान पर काफी समय से हमारी नजर थी, पूर्व सेक्रेटरी ऑफ स्टेट, टिलरसन ने पाकिस्तान को विशेष निगरानी वाली श्रेणी में रखा था और पाकिस्तान को इस बात की चेतावनी दी गई थी कि वह लोगों के धर्म विशेष को लेकर आजादी का खयाल रखे। जिसके बाद मौजूदा सेक्रेटरी पोंपियो ने यह कार्रवाई की है। इसमें कई ऐसी घटनाओं को शामिल किया गया है जो दुर्भाग्यपूर्ण हैं, पाकिस्तान में ऐसे कानून जोकि ईषनिंदा को अपराध की श्रेणी में रखते हैं, आधे से ज्यादा जो लोग पाकिस्तान की जेल में बंद हैं उसमे आसिया बीबी भी शामिल हैं जिन्हें हाल ही में रिहा किया गया है, जिनपर फिर से सुनवाई लंबित है।

मौजूदा सरकार से उम्मीद
रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान की नई सरकार मौजूदा स्थिति को बेहतर करने की दिशा में काम करेगी, जबकि अमेरिका आसिया बीबी मामले पर अपनी नजर बनाए रखेगा। इसी वजह से पाकिस्तान को विशेष श्रेणी में रखा गया था। हमारी उम्मीद है कि नई सरकार इस दिशा में काम करेगी और स्थिति को बेहतर करने की कोशिश करेगी। पिछले कुछ दिनों में जिस तरह से प्रदर्शनों को बेहतर तरीके से रोका गया वह इस दिशा में उठाए गए बेहतर कदम की ओर इशारा करता है, लेकिन हम आसिया बीबी मामले पर अपनी नजर बनाए हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications