रूस में दिख रही राशन जमा करने की होड़, सुपरमार्किट में चीनी के लिए लड़ाई का वीडियो वायरल
रूस: सुपरमार्किट में चीनी के लिए लड़ाई का वीडियो वायरल
मॉस्को, 22 मार्च: रूस और यूक्रेन के बीच बीते एक महीने से लड़ाई चल रही है। जंग में यूक्रेन को तो जानमाल का भारी नुकसान हो ही रहा है, रूस में भी इसका असर कई तरह से दिख रहा है। रूस में महंगाई बढ़ी है तो वहीं कई चीजों को खरीदने पर लिमिट भी लगाई गई है। लोगों को जंग के लंबा खिंचने की आशंका है, ऐसे में सब घरों में राशन जमा कर लेना चाहते हैं। आलम ये है कि बाजारों में लड़ाईयां हो रही हैं। रूस के एक सुपरमार्किट का वीडियो सामने आया है, जिसमें चीनी के लिए लोगों में जमकर छीनाझपटी होती दिख रही है।

चीनी की कीमतों में आया है उछाल
रूस में कई जगह पर बाजारों में दुकानों में एक ग्राहक को 10 किलो से ज्यादा चीनी नहीं दी जा रही है। ऐसे में चीनी पर सबसे ज्यादा मारामारी दिख रही है। ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिसमें लोग चीनी के लिए एक-दूसरे से लड़ रहे हैं। चीनी की कीमतो में भी बीते 20-25 दिनों के भीतर काफी ज्यादा उछाल आया है। हालांकि रूस सरकार का दावा है कि देश में राशन या चीनी की कोई किल्लत नहीं है।
रूस पर लगे हैं कई प्रतिबंध
दरअसल यूक्रेन पर हमले के बाद पश्चिमी देशों ने रूस पर कई प्रतिबंध लगा दिए हैं। जंग के साथ-साथ इन प्रतिबंधों का असर भी रूस के बाजार पर दिख रहा है। रूस में बीते एक महीने में महंगाई काफी तेजी से बढ़ी है। खानेपीने समेत कई चीजों के दाम रिकॉर्ड छू रहे हैं। वहीं जंग के लंबा खिंचने और कुछ और देशों के इसमें शामिल हो जाने जैसी आशंकाएं भी है। इसलिए भी रूस के लोग घरों में कुछ राशन जमा करना चाहते हैं।

करीब एक महीने से चल रही जंग
रूस और यूक्रेन के बीच जंग को अब करीब एक महीना हो गया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 24 फरवरी को अपनी फौजों को यूक्रेन पर आक्रमण की इजाजत दी थी। तब से लगातार यूक्रेन के ज्यादातर शहर रूसी फौजों की जद में हैं और जानमाल का भारी नुकसान हो चुका है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का कहना है कि रूस के ऑपरेशन का लक्ष्य उसका विसैन्यीकरण और तटस्थ स्थिति के लिए हैं। दरअसल रूस लंबे समय से यूरोपीय संगठनों खासकर नाटो के साथ यूक्रेन की नजदीकी का विरोध करता रहा है। इसके अलावा भी उसकी कई मांगे हैं, जिन पर वो यूक्रेन की सहमति चाहता है। कभी सोवियत संघ का हिस्सा रहे यूक्रेन को लेकर पुतिन का कहना है कि यूक्रेन पश्चिमी देशों के हाथों की कठपुतली बना गया है और रूस की सुरक्षा को खतरा बन रहा है।












Click it and Unblock the Notifications