Article 370 को खत्म करने से पहले भारत ने अमेरिका को भी नहीं दी थी जानकारी, खुद US ने की पुष्टि
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 खत्म किए जाने के बाद अमेरिका की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। दरअसल मीडिया में इस तरह की खबरें सामने आ रही थीं कि इस फैसले को लेकर भारत ने अमेरिका को पहले से ही जानकारी दी थी, जिसपर सफाई देते हुए अमेरिका की ओर से कहा गया है कि भारत ने जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले आर्टिकल को खत्म किए जाने के फैसले की जानकारी उसे पहले से नहीं दी थी। अमेरिका के विदेश मंत्रालय की ओर से इस बारे में सफाई दी गई है।

नहीं दी खबर
अमेरिका के विदेश मंत्रालय के ब्यूरो ऑफ साउथ एंड सेंट्रल एशियन अफेयर्स ने ट्वीट करके इस पूरे प्रकरण पर सफाई दी है। जिसमे कहा गया है कि मीडिया रिपोर्ट से उलट भारत सरकार ने जम्मू कश्मीर को संविधान में विशेष राज्य का दर्जा खत्म करने से पहले अमेरिका से किसी भी तरह की सलाह नहीं ली थी और ना ही हमे इस बारे में कोई जानकारी दी थी। इस ट्वीट पर कार्यकारी असिस्टेंट सेक्रेटरी एलिस वेल्स के हस्ताक्षर हैं। बता दें कि इससे पहले खबर आई थी कि भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोंपियो को सरकार के फैसले के बारे में जानकारी दी थी।

अमेरिका की हिदायत
बता दें कि जम्मू-कश्मीर का विशेष राज् का दर्जा खत्म होने के बाद इमरान खान सरकार ने भारत के साथ व्यापारिक रिश्तों को खत्म कर दिया है, साथ ही कई एयर रूट को भी बंद कर दिया है। जिसके बाद अमेरिका ने पाकिस्तान को हिदायत दी है। अमेरिका की ओर से कहा गया है कि पाकिस्तान एलओसी पर घुसपैठ को रोके और आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। बुधवार को हाउस फॉरेन अफेयर कमेटी और सीनेट फॉरेन रिलेशन कमेटी ने साझा बयान जारी करके पाकिस्तान को हिदायत दी। बयान जारी करते हुए एफएसी के चेयरमैन एलियॉट एल इंगेल और एसएफआरसी के रैंकिंग सदस्य बॉब मेन्डेज ने कहा कि लोकतंत्र में पारदर्शिता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व मुख्य स्तंभ हैं, हमे उम्मीद है कि भारत सरकार जम्मू कश्मीर में इन सिद्धातों का पालन करेगी।

व्यापार बंद
इमरान खान के आदेश के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच अब व्यापार नहीं होगा। वहीं पाकिस्तान ने अपने राजदूत को वापस बुला लिया है। इन सबके बीच पाकिस्तान ने एक बार फिर से अपने एयरस्पेस बंद कर दिया है। पाकिस्तान ने तीन एयरस्पेस बंद कर दिए हैं। पाकिस्तान ने अपना हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से बंद कर दिया है। पाकिस्तान के इस फैसले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच 9 हवाई रास्तों में से तीन को पाकिस्तान ने भारत के लिए बंद कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications