अमेरिका: हिंदुओं को नवरात्रि का तोहफा, गणेश मंदिर के नाम पर रखा गया न्यूयॉर्क की सड़क का नाम
नई दिल्ली, 4 अप्रैल: अमेरिका में रहने वाले हिंदू धर्म के लोगों को वहां के प्रशासन ने नवरात्रि पर बड़ा तोहफा दिया है, जहां न्यूयॉर्क की एक फेमस सड़क का नाम अब आधिकारिक तौर पर 'गणेश टेम्पल स्ट्रीट' रखा गया है। इस सड़क पर गणेश भगवान का एक प्रसिद्ध मंदिर है, जिसकी स्थापना दशकों पहले हुई थी। वैसे तो स्थानीय लोग पहले से ही इस सड़क को गणेश टेम्पल स्ट्रीट कहते थे, लेकिन अब प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा कर दी है। (वीडियो-नीचे)

मंदिर के बाहर का वीडियो वायरल
मामले में क्वींस बॉरो के अध्यक्ष डोनोवैन रिचर्ड्स ने एक वीडियो ट्वीट किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा। वीडियो में आप देख सकते हैं कि अमेरिकी अधिकारियों ने एक नए बोर्ड का अनावरण किया, जिस पर गणेश टेंपल स्ट्रीट लिखा है। रिचर्ड्स ने लिखा कि बोवने स्ट्रीट अब गणेश टेंपल स्ट्रीट नाम से जाना जाएगा। ये जश्न मनाने का दिन है। उन्होंने डॉ. उमा मैसूरकर और उत्तरी अमेरिका के हिंदू टेम्पल सोसाइटी के सदस्यों को बधाई दी।

1977 में हुई थी स्थापना
हिंदू टेम्पल सोसाइटी के मुताबिक ये मंदिर क्वींस काउंटी में स्थित है। इसकी स्थापना 1977 में की गई थी। तब से इसे 'श्री महा वल्लभ गणपति देवस्थानम्' नाम से जाना जाता है। इसे उत्तरी अमेरिका का सबसे पहला और पुराना मंदिर भी माना जाता है। 3 अप्रैल को आयोजित समारोह में न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल, क्वींस बॉरो के अध्यक्ष डोनोवैन रिचर्ड्स, न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स के कार्यालय में व्यापार, निवेश और नवोन्मेष के उपायुक्त दिलीप चौहान समेत हिंदू धर्म को मानने वाले सैकड़ों लोग शामिल हुए।

महावाणिज्य दूत ने कही ये बात
वहीं कार्यक्रम में शामिल रणधीर जायसवाल ने कहा कि ये हिंदू धर्म को मानने वालों के लिए बड़ा दिन है। अब न्यूयॉर्क की ये फेमस सड़क भगवान गणेश के नाम से जानी जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि सड़क का एक और नाम रखना सिर्फ जश्न की बात नहीं है, बल्कि ये उस कड़ी मेहनत को भी दिखाता है, जो इसे हासिल करने के लिए की गई है। उन्होंने सभी को नवरात्रि की भी बधाई दी। वहीं मंदिर के पुजारियों ने भी इस कदम के लिए प्रशासन का आभार जताया है।












Click it and Unblock the Notifications