इराक में आईएसआईएस पर हवाई हमले को तैयार अमेरिका

इराक में आईएसआईएस के हिंसा और बढ़ते कदमों को देखते हुए अमेरिका ने कहा कि अगर आतंकी इरबिल शहर की ओर बढ़ते हैं तो अमेरिका चुप नहीं रहेगा। गौरतलब है कि इरबिल में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास है और सैन्य सलाहकारों का दफ्तर है।
गुरुवार रात को दिए भाषण में राष्ट्रपति ओबामा ने इस निर्णय की वजहों के बारे में विस्तार से बताया। ओबामा ने कहा कि इस्लामिक स्टेट के आतंकियों के इराक के कुर्द क्षेत्र की राजधानी इरबिल की ओर बढ़ने की स्थिति में उन्होंने अमेरिकी सेना को इस्लामिक स्टेट के आतंकियों के खिलाफ हवाई हमले करने का अधिकार दिया है। वहीं, ओबामा ने यह भी साफ कहा कि इस हमले के दौरान अमेरिका कोई भी कार्रवाई जमीनी तौर पर नहीं करेगा। अमेरिका का कोई भी सैनिक जमीन पर नहीं होगा।
राष्ट्रपति ओबामा ने कहा कि, 'मैं आज इराक में दो अभियानो की अनुमति देता हूं, पहला कि अमेरिकी कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए हवाई हमले और दूसरा मानवीय प्रयासों के तहत पहाड़ों में बिना भोजन-पानी के मौत के मुंह में फंसे हुए हजारों इराकी नागरिकों के जीवन की सुरक्षा का प्रयास।' उन्होंने कहा कि आज जब अमेरिकियों का जीवन खतरे में है और जब हजारों मासूम नागरिकों पर खतरा है तो अमेरिका कार्रवाई करेगा।
राष्ट्रपति ने यह घोषणा भी की कि इराक सरकार की अपील पर अमेरिका ने गुरुवार को उत्तरी इराक के पहाड़ी इलाकों में हवाई जहाजों के जरिए भोजन और पानी की सहायता पहुंचाई है। इस इलाके में इस्लामिक आतंकवादियों ने अल्पसंख्यक समुदाय को बंधक बना लिया है।












Click it and Unblock the Notifications