मास्क से आजादी के लिए रैली निकालने वाले 30 साल के कालेब की कोरोना से मौत
टेक्सास, 30 अगस्त: अमेरिका के टेक्सास में बीते साल मास्क पहनने को अनिवार्य किए जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर चर्चा में आने वाले कालेब वालेस की मौत हो गई है। डॉक्टरों के मुताबिक, 30 साल के कालेब की मौत कोरोना संक्रमण से हुई है। वो करीब एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे और 8 अगस्त से वेंटिलेटर पर थे। जुलाई के आखिर में ही कोरोना के लक्षण उनमें दिखने लगे थे और फिर तबीयत बिगड़ने लगी थी। जिसके बाद उनको अस्पताल लाया गया लेकिन उनकी सेहत में सुधार नहीं हो सका। शनिवार को उनकी पत्नी जेसिका ने सोशल मीडिया पर उनकी मौत की जानकारी दी।

एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे
जेसिका ने अपने पति की मौत के बारे में जानकारी देते हुए फेसबुक पर लिखा- कालेब इस दुनिया से चले गए हैं। वह हमेशा हमारे दिलों और दिमागों में जीवित रहेंगे। ये सच है कि वो कोई बहुत संपूर्ण व्यक्तित्व वाले शख्स नहीं थे लेकिन लेकिन वह अपने परिवार और अपने बच्चों को किसी भी चीज से ज्यादा प्यार करता था। कालेब तीन बच्चों के पिता थे, वहीं जेसिका इस समय प्रेग्नेंट हैं और चौथे बच्चे को कुछ दिन में जन्म देंगी।

मास्क के विरोध में चलाया था अभियान
कालेब वालेस ने कोरोनो वायरस महामारी के दौरान मास्क पहनने और दूसरी कई तरह की पाबंदिया सरकार की ओर से लगाए जाने के बाद इसका जमकर विरोध किया था। उन्होंने एक सगंठन बनाया था और उसके तले बीते साल जुलाई में सेंट्रल टेक्सास में मास्क के विरोध में एक बड़ा मार्च निकाला था। इसे उन्होंने फ्रीडम रैली का नाम दिया था। जिसकी अगुवाई कालेब ने ही की थी।

कहा था- कोरोना को लेकर हव्वा ज्यादा
4 जुलाई 2020 को कालेब वालेस ने सैन एंजेलो में फ्रीडम रैली की थी। इस रैली में वो लोग जुटे थे, जो मास्क पहनने को अनिवार्य करने, बाजार और परिवहन बंद करने के खिलाफ थे। कालेब ने तब कहा था कि वो अमेरिका की वर्तमान स्थिति से खुश नहीं हैं। उनका कहना था कि कोरोना इतना गंभीर नहीं है, जितना इसको पेश किया जा रहा है। ऐसे में लोगों को घरों में रहने को कहना और मास्क के मामले में सरकार का सख्त होना ज्यादती है। इसलिए उन्होंने सड़क पर उतर इसका विरोध किया था। हालांकि इस रैली के कुछ दिन बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ी और एक महीने अस्पताल में रहने के बाद कोरोना संक्रमण से ही उनकी मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications