Air India की फ्लाइट AI-315 में तकनीकी गड़बड़ी, हॉन्ग कॉन्ग में कराई गई आपातकालीन लैंडिंग
Air India Flight: एयर इंडिया की फ्लाइट AI-315 को तकनीकी खराबी की वजह से इमर्जेंसी लैंडिंग करानी पड़ी है। यह विमान हॉन्ग कॉन्ग से दिल्ली आ रहा था, लेकिन खराबी की वजह से इसकी लैंडिंग तत्काल हॉन्ग कॉन्ग एयरपोर्ट पर ही करानी पड़ी। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, शुरुआत में विमान ने सामान्य रूप से यटेकऑफ किया। उड़ान के करीब 90 मिनट बाद पायलट को तकनीकी समस्या का आभास हुआ। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए विमान को वापस हॉन्ग कॉन्ग ले जाया गया और वहां इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है।
Air India Flight की आपातकालीन लैंडिंग
अहमदाबाद विमान हादसे के बाद से ही एयर इंडिया के विमानों की गुणवत्ता और टेक्नोलॉजी को लेकर बहस शुरू हो गई है। इस बीच एक और विमान की तकनीकी खराबी की वजह से इमर्जेंसी लैंडिंग करानी पड़ी है। सूचना के मुताबिक, AI-315 विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। यह फ्लाइट Boeing 787-8 Dreamliner मॉडल का विमान था। एयर इंडिया ने अभी तक इस तकनीकी खराबी या फ्लाइट के दोबारा संचालन को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

यह भी पढ़ें: 'कभी हवाई जहाज में नहीं बैठूंगा', एयर इंडिया प्लेन क्रैश का वीडियो बनाने वाला लड़का सदमे में, आखिर हुआ क्या?
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा से खुलासा
ऑनलाइन उड़ान निगरानी सेवा फ्लाइटराडार24 के आंकड़ों से तकनीकी खराबी की पुष्टि हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, AI-315 के उड़ान भरने के 90 मिनट के अंदर ही तकनीकी खराबी की पुष्टि हो गई थी। इसके बाद दिल्ली आ रही फ्लाइट का रुट बदलकर इसकी हॉन्ग कॉन्ग एयरपोर्ट पर सुरक्षित वापसी कराई गई है। एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को शांतिपूर्वक बाहर निकाला गया है। इस मॉडल में तकनीकी खराबी पहले भी आ चुकी है।
अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की जो फ्लाइट क्रैश हुई थी, वह विमान भी Boeing 787-8 Dreamliner ही था। उस हादसे में 279 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें कुछ एमबीबीएस छात्र भी शामिल थे। ड्रीमलाइनर विमानों में तकनीकी समस्याएं सामने आने से एयर इंडिया के विमानों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इन विमानों की सुरक्षा को लेकर सवाल पूछे जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: एयर इंडिया हादसे के बाद इन 2 पायलट व 10 क्रू मेंबर को मरा समझ लिया गया, ये निकले जिंदा, RIP वीडियो वायरल












Click it and Unblock the Notifications