अफगानिस्तान: पूर्व सरकार के कई नेताओं ने किया 'निर्वासन सरकार' का ऐलान, अमरुल्ला सालेह करेंगे नेतृत्व
काबुल, 29 सितंबर: तालिबान ने अफगानिस्तान पर कब्जा करके कई दिन पहले ही अंतरिम सरकार की घोषणा कर दी थी, लेकिन पूर्व उपराष्ट्रपति अमरुल्ला सालेह की टीम हार मानने को तैयार नहीं है। अब अफगानिस्तान के पूर्व अधिकारियों, नेताओं ने निर्वासन सरकार को जारी रखने का ऐलान किया है। जिसकी अध्यक्षता पूर्व उपराष्ट्रपति अमरुल्ला सालेह करेंगे। वैसे पूर्व राष्ट्रपति अशरफ गनी के देश छोड़ने के बाद भी सालेह ने इसी तरह का ऐलान किया था।

द खामा प्रेस न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक स्विस में अफगान दूतावास ने एक बयान जारी किया है। जिसमें कहा गया कि इस्लामी गणराज्य अफगानिस्तान की जनता ने एक सरकार (अशरफ गनी सरकार) का चुनाव किया था, जिसकी कोई जगह नहीं ले सकता है। चुने गए राष्ट्रपति अशरफ गनी के भागने और अफगान राजनीति से उनके टूटने के बाद अमरुल्ला सालेह देश का नेतृत्व करेंगे। बयान में आगे कहा गया कि अभी अफगानिस्तान पर बाहरी लोगों का कब्जा है, इस वजह से अनुभव वाले लोगों से परामर्श लेने के बाद उन्होंने निर्वासन सरकार की घोषणा का फैसला किया।
बयान के मुताबिक सरकार की तीन शक्तियां- कार्यकारी, न्यायिक और विधायी जल्द ही सक्रिय हो जाएंगी। साथ ही उन्होंने पंजशीर में अहमद मसूद के नेतृत्व वाले तालिबान विरोधी मोर्चे को समर्थन दिया। साथ ही कहा कि अफगानिस्तान के सभी दूतावास और वाणिज्य दूतावास सामान्य रूप से कार्य करेंगे। वैसे तो ये बयान पिछली सरकार के नेताओं द्वारा लिखा गया है, लेकिन इसमें किसी के नाम का खुलासा नहीं किया गया।
तालिबान कह रहा ये बात
वहीं तालिबानी सरकार रोजाना नए फैसले ले रही है। मंगलवार को प्रवक्ता ने कहा कि वे मुहम्मद ज़हीर शाह के शासनकाल में चलने वाले संविधान को अस्थायी रूप से अपनाएंगे। इसे 57 साल पहले अनुमोदित किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications