फिलिस्तीनी पिता की PM मोदी से गुहार- मेरे बेटी को इजरायल से रिहा करा दो
नई दिल्ली। आज शुक्रवार है और फिलिस्तीन के रहने वाले बसीम तमीमी के लिए यह हफ्ते का सबसे पीड़ादायक दिन है। क्योंकि दो महीने पहले शुक्रवार को ही उनकी 17 साल की बेटी अहद तमीमी को इजराइल ने एक सैनिक को थप्पड़ मारने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था। तब से उनकी बेटी इजरायल की जेल में हैं। बीते 2 महीनों में अपनी बेटी के लिए हर किसी से गुहार लगा चुके बसीम तमीमी को अब भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी से उम्मीदें हैं।

इजरायल के खिलाफ पोस्टर गर्ल बनी अहद तमीमी
बसीम तमीमी का घर फिलिस्तीनी शहर रामल्लाह से आधा घंटे की दूरी पर है जहां आज पीएम मोदी ने अपने फिलिस्तीनी दौर पर भाषण दिया। बसीम तमीमी को उम्मीद है कि पीएम मोदी उनकी बेटी की रिहाई के लिए इजरायल की सरकार से बात करेंगे। बता दें कि अहद तमीमी गिरफ्तारी के बाद से फिलिस्तीन में इजरायल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का चेहरा बन गईं है। फिलस्तीन के लगभग के हर इलाके में लोग अहद तमीमी के समर्थन में नारे लगाते हुए दिख जाएंगे।

अहद तमीमी की मां भी हुई गिरफ्तार
बसीम तमीमी ने बताया कि अब तक उनके परिवार के कुल 11 लोगों को इजरायल की सेना गिरफ्तार कर चुकी हैं। 17 साल की अहद तमीमी इसमें सबसे छोटी है। यहां तक की बेटी की रिहाई के लिए अपील करते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो डालने वाली अहद तमीमी की मां, नरीमन तमीमी को भी इजरायली सेना ने गिरफ्तार कर लिया है।

इजराइल ने अहद तमीमी के खिलाफ दर्ज किए 12 केस
बता दें कि बीते दिसंबर में अहद तमीमी का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो एक इजरायली सैनिक को थप्पड़ मारते हुए दिखाईं दे रही थी। यह घटना 15 दिंसबर, 2017 की बताई जाती है। घटना के तीन दिन बाद इजरायल की सेना ने आधी रात में अहद तमीमी के घर धावा बोलकर उसे गिरफ्तार कर लिया था। इजरायल ने अहद तमीमी के खिलाफ 12 मामलों में केस दर्ज किया हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications