पाकिस्तान में ये क्या हो रहा है? हज करने के बहाने भीख मांगने सऊदी अरब जा रहे 8 और भिखारी गिरफ्तार
पाकिस्तान से सऊदी अरब भीख मांगने जा रहे 8 और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पाकिस्तानी वेबसाइट डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक संघीय जांच एजेंसी (FIA) ने शनिवार देर रात मुल्तान हवाई अड्डे पर सऊदी अरब जाने वाली उड़ान से उमरा तीर्थयात्रियों के भेष में आठ कथित भिखारियों को उतार दिया।
इससे 2 दिन पहले भी FIA ने सऊदी अरब भीख मांगने जा रहे 16 लोगों को गिरफ्तार किया था। इन भिखमंगों में एक बच्चा और 11 महिलाएं थीं। ये सभी तीर्थयात्रियों को मिलने वाले उमरा वीजा का फायदा उठा रहे थे।

FIA आव्रजन अधिकारी तारिक महमूद द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, इमीग्रेशन के दौरान यह पता चला कि समूह "भीख मांगने के उद्देश्य" से सऊदी अरब की यात्रा कर रहा था।
एजेंसी ने कहा कि इन लोगों ने जावेद नाम के एक शख्स को सऊदी अरब के लिए वीजा दिलाने के लिए 185,000 रुपये दिए थे जिसके बाद उनकी वीजा की प्रक्रिया पूरी हुई थी।
FIA ने बयान में कहा कि ये सभी लोग सऊदी अरब जाकर वहां भीख मांगना शुरू कर देते। इसके बाद शर्त के मुताबिक भीख में मिली रकम का आधा हिस्सा उन्हें वहां पर मौजूद एजेंट को देना पड़ता।
FIA ने लोगों के बयान लेने के बाद उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए हैं और आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें मानव तस्करी और विंग के पास भेज दिया है। FIA ने कहा कि दोषियों के खिलाफ मानव तस्करी अधिनियम, 2018 के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
FIA ने विदेश यात्रा करने वाले कथित भिखारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। दो दिन पहले, FIA ने उसी हवाई अड्डे पर सऊदी अरब जाने वाली उड़ान से उमरा तीर्थयात्रियों के भेष में 16 कथित भिखारियों को उतार दिया।
बीते दिनों पाकिस्तान सरकार की सीनेट की स्थाई समिति ने खुलासा किया था कि दुनियाभर में गिरफ्तार होने वाले भिखारियों में से 90 फीसदी लोग पाकिस्तान के होते हैं।
इसमें कहा गया कि लोग उमराह करने के लिए सऊदी अरब का वीजा लेते हैं और वहां जाकर भीख मांगने का कारोबार शुरू कर देते हैं। इसमें खुलासा किया गया कि हरम जैसे पवित्र स्थलों पर पकड़े गए जेबकतरों में भी बड़ी संख्या में पाकिस्तानी नागरिक थे।












Click it and Unblock the Notifications