34 मुसलमान देश मिलकर लड़ेंगे आईएसआईएस के खिलाफ, रियाद में होगा सेंटर
रियाद। सऊदी अरब ने आईएसआईएस से लड़ने के लिए 34 मुस्लिम बहुल देशों के गठबंधन की घोषणा की है। आईएसआईएस के खिलाफ लड़ने के लिए अरब देशों की ओर से कोई ठोस कदम न उठाए जाने पर, अरब देशों की बहुत आलोचना हो रही थी। इस आलोचना के बीच ही मंगलवार को इस गठबंधन की घोषणा की गई है।

सऊदी अरब की मीडिया की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सऊदी अरब की राजधानी रियाद में ज्वाइंट ऑपरेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा। इस गठबंधन में साउथ एशियन, अफ्रीकन, और अरब देश शामिल हैं लेकिन अंतरराष्ट्रीय मामलों में सऊदी अरब का लंबे समय से प्रतिद्वंदी रहा ईरान इसका हिस्सा नहीं हुआ है।
सऊदी अरब के रक्षा मंत्री मोहम्मद बिन सलमान ने कहा है कि नया गठबंधन इराक, सीरिया, लीबिया, इजिप्ट और अफगानिस्तान में आतंकवादियों के खिलाफ लड़ेगा।
इस गठबंधन में अफगानिस्तान, इराक और सीरिया शामिल नहीं है। मोहम्मद बिन सलमान ने कहा है कि अभी सभी मुस्लिम देश आतंकवाद से अकेले अपने दम पर लड़ रहे हैं इसलिए प्रयासों में तालमेल बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि गठबंधन सिर्फ आईएसआईएस खिलाफ ही नहीं लड़ेगा बल्कि और ज्यादा इंटेलीजेंस भी शेयर करेगा। मीडिया की ओर से जो जानकारी दी गई है उसके मुताबिक इंडोनेशिया के साथ 10 दूसरे इस्लामी देशों का सहयोग भी
इस गठबंधन को मिलेगा।
गौरतलब है कि सऊदी अरब इस समय आईएसआईएस के खिलाफ इराक और सीरिया में हवाई हमले कर रहे अमेरिकी नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा है।












Click it and Unblock the Notifications