Operation Kaveri: सूडान से जेद्दाह के लिए रवाना हुआ 14वां जत्था, INS तेग ने 288 भारतीयों को निकाला
Operation Kaveri: ऑपरेशन कावेरी के तहत भारत सरकार संकटग्रस्त सूडान से लगभग 3000 भारतीय मूल के लोगों को निकालने के लिए तैयार है।

सूडान में जारी संघर्ष के बीच भारतीय लोगों को निकालने के लिए भारत सरकार का ऑपरेशन कावेरी युद्ध स्तर पर जारी है। शनिवार को नौसेना का जहाज भारतीय नागरिकों के 14वें बैच को लेकर पोर्ट सूडान से साऊदी अरब के शहर जेद्दाह के लिए रवाना हुआ।
14वां बैच सूडान से रवाना
शनिवार को भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस तेग ने संकटग्रस्त सूडान से ऑपरेशन कावेरी के तहत वहां फंसे 288 भारतीयों को सफलतापूर्वक निकाला। सूडान से जेद्दाह जाने वाले लोगो का यह 14वां जत्था है।
288 भारतीयों की निकासी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट करते हुए बताया कि ऑपरेशन कावेरी के तहत भारतीयों का 14वां जत्था पोर्ट सूडान से रवाना हो गया है। आईएनएस तेग पर सवार 288 यात्री जेद्दाह पहुंचेंगे। इससे पहले पोर्ट सूडान में तैनात आईएनएस सुमेधा भी 300 यात्रियों का 13वां जत्था लेकर जेद्दाह के लिए रवाना हुआ था।
युद्धस्तर पर जारी निकाली अभियान
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक सूडान से करीब 2400 भारतीयों को निकाला जा चुका है। बागची ने शुक्रवार को एक ट्वीट में बताया था कि करीब 2400 भारतीयों को अब तक सूडान से सकुशल निकाला गया है। निकासी अभियान के तहत भारत सरकार सूडान से लगभग 3000 भारतीय मूल के यात्रियों को निकालने के लिए तैयार है।
अब तक 1725 यात्रियों की वतन वापसी
वहीं ऑपरेशन कावेरी के तहत शनिवार शाम सूडान से कुल 365 भारतीय यात्रियों का एक और दल नई दिल्ली पहुंचा था। उससे पहले शनिवार सुबह भी 231 भारतीय यात्रियों को लेकर एक विमान नई दिल्ली आया था। ऑपरेशन कावेरी के तहत अब तक कुल 1725 यात्रियों की वतन वापसी हो चुका है।












Click it and Unblock the Notifications