इटली में बड़ा हादसा, पहाड़ी पर केबल कार टूटकर नीचे गिरी, 13 लोगों की मौत
रोम, 23 मई। इटली में रविवार को एक केबल कार हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। हादसा उत्तरी इटली के वर्बनिया शहर के पास हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक पहाड़ी पर लोगों को ले जाने वाली केबल कार टूटकर नीचे आ गिरी। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है।

अल्पाइन रेस्क्यू सर्विस ने बताया है नौ और पांच साल की उम्र के दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें हेलीकॉप्टर से ट्यूरिन के एक बाल चिकित्सा अस्पताल ले जाया गया है। हादसे की तस्वीरें सामने आई हैं उनमें फायर ब्रिगेड की टीम के साथ ही सफेद और लाल रंग का केबिन मलबे में बदल चुका दिखाई दे रहा है। जिस क्षेत्र में यह हादसा हुआ था वह पेड़ों से घिरा हुआ है और वहां पर पहुंचना मुश्किल था।
20 मिनट की केबल कार की सवारी पर्यटकों में काफी लोकप्रिय है। यह स्ट्रेसा को मोट्टारोन पर्वत की 1,500 मीटर ऊंची चोटी से जोड़ती है। इस यात्रा में पर्यटकों को आल्प्स के शानदार नजारे दिखाई देते हैं।
पीएम ने जताया दुख
इटली के प्रधान मंत्री मारियो ड्रैगी ने घटना पर बयान जारी कर "गहरा दुख" व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
बुनियादी ढांचे के मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दुर्घटना स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 12:30 बजे के आसपास हुई। जिस समय हादसा हुआ केबिन चोटी से लगभग 100 मीटर की दूरी पर था। मंत्रालय ने कहा कि ऐसा लगता है कि दुर्घटना रोपवे के शीर्ष के पास एक टूटे हुए केबल के कारण हुई है।
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल ने इतालवी में एक ट्वीट किया है जिसमें उन्होंने दर्दनाक हादसे में अपने प्रियजन को खोने वाले परिवारों और दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
केबल कार को मेंटेनेंस के काम के लिए 2014 से 2016 के बीच बंद कर दिया गया था। यूरोप में पिछले 50 वर्षों में इस तरह की कई केबल कार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications