इजराइल के गाजा अटैक पर एयरस्ट्राइक में मारे गए 13 बंधक, इनमें विदेशी नागरिक भी, हमास का बड़ा दावा
इजराइल द्वारा गाजा पट्टी में किए गए एक एयर स्ट्राइक में 13 बंधकों की मौत हो गई है। गाजा के हथियारबंद संगठन हमास ने यह दावा किया है। इजराइल का कहना है कि हमास ने 150 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया है, जिनमें नागरिक और सुरक्षा बल दोनों शामिल हैं।
हमास की सशस्त्र शाखा ने शुक्रवार को कहा कि पिछले 24 घंटों में इजरायली हवाई हमलों में उत्तरी गाजा पट्टी में रखे गए कम से कम 13 इजरायली और विदेशी बंधकों की मौत हो गई है।

हमास की सशस्त्र शाखा एज्जेदीन अल-कसम ब्रिगेड ने एक बयान में कहा, "इजरायली लड़ाकू विमानों द्वारा पांच स्थानों पर किए गए हमले में विदेशियों सहित तेरह कैदी मारे गए।"
हमास ने दावा किया कि इनमें 6 लोगों की दो अलग-अलग जगहों पर एयर स्ट्राइक में मौत हो गई, जबकि सात अन्य की मौत तीन अलग-अलग स्ट्राइक में हुई। हमास ने दावा किया कि इजराइली स्ट्राइक में मारे गए बंधकों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
आपको बता दें कि इजराइल ने गाजा के लोगों को चेतावनी दी है कि वो गाजा सिटी खाली कर दें। इसके लिए इजराइल ने सिर्फ 24 घंटे का वक्त दिया है।
इजराइल ने कहा है कि गाजा में रहने वाले फिलिस्तीनी उसके दुश्मन नहीं हैं। वो केवल हमास का खात्मा करना चाहते हैं। वहीं, हमास ने लोगों से कहा है कि वो अपनी जगह छोड़कर कहीं न जाएं, जहां हैं वहीं बने रहें।
इस बीच इजराइल के आदेश पर संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि इस इलाके में 10 लाख से अधिक आबादी बसती है। ये गाजा की आधी आबादी है। इन्हें इतने कम समय में वहां से हटने का आदेश देना उनकी जिंदगी से खिलवाड़ करने जैसा है। इससे मानवीय संकट पैदा होगा। UN ने अपील की है, इजराइल इस ऑर्डर को वापस ले।












Click it and Unblock the Notifications