बलूचिस्तान प्रांत में आतंकी हमले में पाक के 10 सैनिक मारे गए
कराची,28 जनवरी। आतंकी हमले में पाकिस्तान के 10 सैनिक मारे गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार आतंकियों ने बलोचिस्तान प्रांत के केच जिले में सेना के चेकपोस्ट पर हमला कर दिया, जिसमे पाक सेना के 10 सैनिक मारे गए। इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि आतंकियों ने यह हमला 25-26 जनवरी की रात में किया था। पाक सेना और आतंकियों के बीच गोलीबारी में पाक सेना के 10 सैनिक मारे गए जबकि एक आतंकी और कई अन्य लोग इस हमले में घायल हो गए। सर्च ऑपरेशन में तीन आतंकियों को पाक सेना ने पकड़ लिया है।

पाक सेना ने बयान में कहा है कि पाकिस्तान की सेना पाक की जमीन से आतंकियों को पूरी तरह से खत्म करने को लेकर प्रतिबद्ध है, फिर इसकी कोई भी कीमत हमे चुकानी पड़े। अभी तक इस हमले की किसी भी आतंकी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है। गौर करने वाली बात है कि बलूचिस्तान की सीमा इरान और अफगानिस्तान से मिलती है और यहां पर पिछले काफी समय से हिंसक विद्रोह चल रहा है। इससे पहले भी बलूचिस्तान के विद्रोही संगठनों ने यहां पर कई बार हमले किए हैं, जिसमे इन लोगों ने चीन-पाकिस्तान इकोनोमिक कॉरिडोर के प्रोजेक्ट को निशाना बनाया था।
इससे पहले 5 जनवरी को भी दो सैनिक और कई आतंकी यहां हुए हमले में मारे गए थे। पाकिस्तान के आर्मी चीफ कमर जावेद बाजवा ने कहा था कि सेना का पहले लक्ष्य है कि आतंक के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी और जमीन से हर आतंकी को मार गिराएंगे। जनरल बाजवा ने कहा था कि हम अपने सैनिकों की शहादत को व्यर्थ नहीं जाने देंगे, पाकिस्तान में फिर से पूरी तरह से शांति की बहाली होगी।












Click it and Unblock the Notifications