MP में मनचलों की शर्मनाक हरकत, EXAM टॉपर छात्रा से की अभद्रता
इंदौर, 14 जुलाई: मध्यप्रदेश में बदमाशों के हौसले कितने बुलंद है इसका एक उदाहरण प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से सामने आया है, जहां प्रतियोगी परीक्षा में टॉप करने के बाद अपने भाइयों और बहन के साथ सेलिब्रेशन करने निकली युवती को बदमाशों ने घेर लिया, जहां इसके बाद बदमाशों ने युवती और उसके भाइयों के साथ अभद्रता की तो वहीं भद्दे कमेंट भी किए। इतना ही नहीं बदमाश यहां खुलेआम बियर पी रहे थे, जहां बदमाशों के हाथ में रखी बियर की बोतल उन्होंने छात्रा के मुंह पर फेंक दी। यह पूरा घटनाक्रम देर रात हुआ, जहां 56 दुकान पर सेलिब्रेशन कर लौट रही युवती के साथ गीता भवन चौराहे पर बदमाशों ने अभद्रता की घटना को अंजाम दिया।

छात्रा ने बना लिया घटनाक्रम का वीडियो
छात्रा जब 56 दुकान पर सेलिब्रेशन कर अपने भाइयों और बहन के साथ लौट रही थी, तभी कुछ बदमाश सड़क पर खड़े रहकर बियर पी रहे थे, जैसे ही छात्रा और उनके भाई बदमाशों के पास से गुजरे, वैसे ही उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी, जहां छात्रा और उनके भाइयों ने जब अभद्रता का विरोध किया तो बदमाशों ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी तक दे डाली। इस बीच छात्रा ने वीडियो बना लिया है, जो छात्रा ने पुलिस को सौंपा है। वहीं अब पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
यह पूरा घटनाक्रम उस वक्त का है, जब प्रतियोगी परीक्षा में टॉप करने पर छात्रा अपनी बहन और इंजीनियर भाई के साथ 56 दुकान पहुंची थी, जिसके बाद लौटते समय यह पूरा घटनाक्रम घटित हुआ। वहीं छात्रा ने इस घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी है, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अब वाहन के नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बुलंद हो रहे बदमाशों के हौसले
शहर में इन दिनों बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं, जहां बदमाश आए दिन अलग-अलग तरीकों से वारदात को अंजाम देने की कोशिश करते हैं। इतना ही नहीं कई बार तो बदमाश पुलिस को चैलेंज करते भी नजर आते हैं, जहां बदमाश वारदात के बाद अपना वीडियो तक बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देते हैं, लेकिन बावजूद इसके अब तक पुलिस बदमाशों पर लगाम कसने में नाकामयाब नजर आ रही है। बहरहाल, अब देखना होगा कि आखिर कब तक प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में पुलिस बदमाशों पर नकेल कसती है।












Click it and Unblock the Notifications