MP के इस शहर में लाठी-डंडे लेकर निकली महिलाएं, उमा भारती के अंदाज में बंद कराई शराब दुकान
इंदौर, 8 जुलाई: मध्यप्रदेश में इन दिनों शराब दुकानों को लेकर विरोध प्रदर्शन निरंतर जारी है, जहां हाल ही में राजधानी भोपाल में पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती की ओर से किए गए शराब दुकानों के विरोध का सिलसिला अब प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर तक पहुंच चुका है, इंदौर में महिलाओं ने बड़ी संख्या में शराब दुकान पर पहुंच कर विरोध करते हुए शराब की दुकान बंद करवा दी। यह पूरा मामला शहर के बाणगंगा इलाके का है, जहां देर रात महिलाओं ने लाठी-डंडे हाथ में लेकर शराब दुकान के सामने जमकर नारेबाजी की, और देखते ही देखते शराब दुकान का शटर बंद करवा दिया।

विरोध करने वालों के पीछे दौड़ी महिलाएं
शराब दुकान बंद कराने पहुंची महिलाओं का रौद्र रूप देखते ही बन रहा था, जहां आए दिन छेड़खानी जैसी घटनाओं से परेशान होकर महिलाओं ने यह कदम उठाया। शराब दुकान बंद कराने पहुंची महिलाओं का कुछ लोगों ने विरोध भी किया। इसी के चलते महिलाओं ने लाठी-डंडे अपने हाथों में ले रखे थे। वहीं महिलाएं विरोध करने वालों के पीछे जैसे ही दौड़ी, वैसे ही विरोध करने वाले भाग खड़े हुए।
महिलाओं ने नहीं मानी पुलिस की बात
शराब दुकान बंद कराने पहुंची महिलाओं का गुस्सा देख शराब दुकान का मैनेजर घबरा गया, जिसके बाद मैनेजर ने तुरंत पुलिस को इस पूरे घटनाक्रम की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, और महिलाओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन बावजूद इसके महिलाएं नहीं मानी, और पुलिस के सामने ही दुकान का शटर बंद करवा दिया। इसके बाद पुलिस ने महिलाओं को समझाइश देकर मौके से रवाना किया। वहीं अब इस पूरे मामले की जानकारी आबकारी विभाग के अधिकारियों को दी जा रही है।
छेड़खानी को लेकर परेशान थी महिलाएं
शराब दुकान बंद कराने पहुंची महिलाओं ने बताया कि, शराब दुकान होने के चलते क्षेत्र का माहौल बिगड़ गया था, जहां आए दिन शराबी, शराब के नशे में धुत होकर महिलाओं और युवतियों से छेड़खानी की घटना को अंजाम देते थे। कई बार इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस से भी की गई, लेकिन पुलिस ने इस पूरे मामले में किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद मजबूरन महिलाओं को अपने हाथों में लाठी और डंडे लेकर विरोध प्रदर्शन के लिए उतरना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications