अब नसरुल्लागंज का नाम बदलेगी शिवराज सरकार, केंद्र को भेजा भेरुंडा नाम करने का प्रस्ताव
नसरुल्लागंज, 25 अप्रैल: प्रदेश के मुखिया सीएम शिवराज सिंह चौहान इन दिनों यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राह चलते नजर आ रहे हैं, जहां यूपी की तर्ज पर एमपी में भी लगातार शहरों का नाम बदलने का सिलसिला जारी है. पहले जहां होशंगाबाद और बाबई नगर का नाम बदला गया, तो वहीं अब राजधानी भोपाल के पास स्थित नसरुल्लागंज की बारी है, जहां शिवराज सरकार नसरुल्लागंज का नाम बदलकर भेरूंडा करने पर विचार कर रही है. वहीं सरकार ने नाम बदलने का प्रस्ताव केंद्र के पास भी भेज दिया है. नसरुल्लागंज सीएम शिवराज सिंह चौहान की बुधनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है.

लगातार जारी है नाम बदलने का सिलसिला
प्रदेश में लगातार नगरों और जगहों का नाम बदलने का सिलसिला जारी है, जहां इसी साल फरवरी में होशंगाबाद शहर का नाम बदलकर नर्मदापुरम किया गया था, तो वहीं बाबई का नाम बदलकर माखन नगर रखा गया था. इससे पहले राजधानी भोपाल में नवनिर्मित हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम पर किया गया था. कुल मिलाकर अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में शिवराज सरकार और किन नगरों और जगहों का नाम परिवर्तित करती है.
कांग्रेस ने साधा सरकार पर निशाना, लगाए आरोप
Recommended Video
नसरुल्लागंज का नाम बदलकर भेरूंडा करने का फैसला कांग्रेस को रास नहीं आ रहा, जहां कांग्रेस ने शिवराज सरकार के इस फैसले पर निशाना साधते हुए, कई आरोप लगाए हैं. कुल मिलाकर देखा जाए तो मध्यप्रदेश में नाम बदलने को लेकर सियासत का सिलसिला तेज हो गया है, जहां अब इस पूरे मामले में कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही दल आमने-सामने नजर आ रहे हैं.
मिशन-2023 में बीजेपी को फायदा मिलने की उम्मीद
बीजेपी इन दिनों मिशन 2023 की तैयारियों में जुटी हुई नजर आ रही है, जहां साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव बीजेपी के लिए काफी महत्वपूर्ण है. इसी के मद्देनजर बीजेपी लगातार अलग-अलग तरह के निर्णय ले रही है, जिसमें प्रदेश के कई शहरों और जगहों के नामों को परिवर्तित किया जा रहा है, बहरहाल अब देखने वाली बात होगी कि नाम बदलने की सियासत का बीजेपी को 2023 में कितना फायदा मिलेगा.












Click it and Unblock the Notifications