MP की पहली हेरिटेज ट्रेन के खूबसूरत सफर का मजा, जानिए क्या है खासियत
इंदौर, 30 जुलाई: हाल ही में मध्यप्रदेश में हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम खुशनुमा बना हुआ है। इसी के चलते लगातार पर्यटक अब पर्यटन के लिए मध्यप्रदेश का रुख कर रहे हैं, तो वहीं मध्यप्रदेश भी पर्यटकों को अच्छी खासी सुविधाएं देने के लिए तैयार नजर आ रहा है। पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए मध्य प्रदेश में पर्यटन को लेकर विशेष तैयारियां की गई है।

पर्यटकों में अच्छा खासा उत्साह
अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए देशभर में अलग पहचान रखने वाला मध्यप्रदेश इन दिनों पर्यटकों से आबाद नजर आ रहा है, जहां प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की संख्या में दिन-प्रतिदिन इजाफा होते चला जा रहा है। इसी के साथ प्रदेश की पहली हेरिटेज ट्रेन में सफर करने के लिए भी पर्यटकों में अच्छा खासा उत्साह देखने मिल रहा है।

पर्यटकों से खचाखच भरी हेरिटेज ट्रेन
महू के पास पातालपानी की वादियों में चलने वाली हेरिटेज ट्रेन इन दिनों पर्यटकों से खचाखच भरी नजर आ रही है। हेरिटेज ट्रेन में सफर करने के लिए पर्यटकों में अलग उत्साह नजर आ रहा है। पातालपानी की वादियों में पर्यटकों को खूबसूरत सफर का मजा दिलाने वाली हेरिटेज ट्रेन इन दिनों देश और दुनिया से आए पर्यटकों से खचाखच भरी चल रही है। यही कारण है कि, हेरिटेज ट्रेन में सफर करने के लिए पर्यटकों को वेटिंग में लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं रविवार को भीड़ होने से हेरिटेज ट्रेन में सफर करना बेहद मुश्किल हो जाता है।

कुछ ऐसा है हेरिटेज ट्रेन का इतिहास
महू से कालाकुंड और पातालपानी की वादियों तक चलने वाली हेरिटेज ट्रेन के इतिहास पर यदि नजर डालें तो इस ट्रेन की शुरुआत रेलवे की ओर से साल 2018 में की गई थी। वहीं बाद में इस ट्रेन को अपडेट करते हुए, इसमें कई तरह के अत्याधुनिक कोच भी लगाए गए थे। इस ट्रेन में यात्रियों की संख्या लगभग 110 के आस पास रहती है। यह ट्रेन की कुल 30 किलोमीटर तक की दूरी तय करती है। साथ ही जिस रेल लाइन पर ट्रेन चलती है, वह रेल लाइन साल 1870 के आसपास रेलवे की ओर से बिछाई गई थी।

साल 2018 में घोषित किया हेरिटेज ट्रैक
पातालपानी की वादियों में चलने वाली हेरिटेज ट्रेन से पहले इस ट्रैक पर अलग-अलग ट्रेनें भी चला करती थी, लेकिन नए ट्रैक के निर्माण के बाद इस पर अब सिर्फ हेरिटेज ट्रेन ही चलती है, जिस ट्रैक पर ट्रेन चलती है, उसे साल 2018 में हैरिटेज ट्रैक घोषित किया गया था, जिसके बाद ही हेरिटेज ट्रेन की शुरुआत की गई थी। इस ट्रेन में एसी कोच होने के साथ-साथ नॉन एसी कोच भी उपलब्ध है। साथ ही ट्रेन का किराया बेहद ही सामान्य है।












Click it and Unblock the Notifications