MP में रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज का रोमांच, पहले दिन इन टीमों के बीच होगा मुकाबला
इंदौर, 17 सितंबर : प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में क्रिकेट का रोमांच आज से शुरू होने जा रहा है, जहां रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के पहले दिन बांग्लादेश और न्यूजीलैंड लीजेंड्स के बीच महा मुकाबला दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा। वहीं इसके बाद इंग्लैंड और वेस्ट इंडीज लीजेंड्स के बीच मुकाबला शाम 7:30 बजे से होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। क्रिकेट के महा मुकाबले के लिए सभी टीमें तैयार नजर आ रही है, जहां सभी टीमों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। वहीं इस मुकाबले को देखने के लिए खेल प्रेमियों में भी उत्साह नजर आ रहा है, जहां बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने महा मुकाबले को देखने के लिए टिकट लिए हैं।

भारी बारिश के चलते बढ़ी चिंता
इंदौर में हो रही लगातार भारी बारिश के चलते होलकर स्टेडियम में भी पानी भर चुका है, जहां स्टेडियम को व्यवस्थित करने के लिए कर्मचारियों की टीम तैनात की गई है। वहीं यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह से बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के तहत होने वाले मुकाबलों पर खतरा मंडरा सकता है, जहां आयोजकों को शेड्यूल बदलने पर भी विचार करना पड़ सकता है। उधर, भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला मुकाबला 19 सितंबर को खेला जाएगा। यह मुकाबला पहले 18 सितंबर को खेला जाना था।

सुरक्षा को लेकर पुख्ता व्यवस्था
खेलों की नगरी कहे जाने वाले शहर इंदौर के होलकर स्टेडियम में रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के तहत होने वाले महा मुकाबले के लिए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं, जहां लगभग 600 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों का बल स्टेडियम में तैनात किया गया है। इंदौर में लंबे वक्त के बाद क्रिकेट का महा मुकाबला हो रहा है, जिसे देखने के लिए खेल प्रेमियों में अच्छा खासा उत्साह नजर आ रहा है। संभावना जताई जा रही है कि, खेल प्रेमियों की अच्छी संख्या मुकाबलों को देखने के लिए पहुंच सकती है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।

क्रिकेट की दुनिया के दिग्गज नाम
रोड सेफ्टी वर्ल्ड क्रिकेट सीरीज में दुनिया के दिग्गज क्रिकेटर शामिल होंगे, जहां इन क्रिकेटरों में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, वेस्टइंडीज के क्रिकेटर ब्रायन लारा, ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटर ब्रेट ली और भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह, हरभजन सिंह शामिल होंगे, साथ ही इस क्रिकेट सीरीज में शामिल होने के लिए दिग्गज क्रिकेटर इंदौर पहुंच चुके हैं। उधर, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी भी लखनऊ से इंदौर के लिए रवाना हो चुके हैं जहां शनिवार रात तक दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों के इंदौर पहुंचने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications