अनियंत्रित टैंकर ने परिवार को रौंदा, हादसे में 3 साल की बच्ची समेत तीन लोगों की मौत
इंदौर, 20 अप्रैल: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां तेजाजी नगर इलाके में अनियंत्रित पानी के टैंकर ने सड़क किनारे बैठे 6 लोगों को रौंद दिया. इस हादसे में 10 साल की बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई. वहीं घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. उधर, पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, इस हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया.

एक ही परिवार के थे सभी लोग
जानकारी के मुताबिक सभी लोग एक ही परिवार का हिस्सा थे, सभी एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे. तेज धूप होने के चलते परिवार के सभी लोग सड़क किनारे बैठ गए, जिसके बाद सड़क किनारे आराम कर रहे यह लोग अनियंत्रित टैंकर की चपेट में आ गए. वहीं पुलिस अब फरार टैंकर चालक की तलाश में जुटी हुई है.
खरगोन और खंडवा का रहने वाला है परिवार
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने टैंकर को जप्त कर लिया है. जानकारी के अनुसार खंडवा और खरगोन के रहने वाले दो परिवार के लोग बाइक से इंदौर आ रहे थे, दोपहर में यह सभी लोग एक पेड़ के नीचे बैठ कर खाना खा रहे थे, तभी तेज रफ्तार टैंकर ने गाड़ी को ओवरटेक करते हुए आगे निकलने कि कोशिश की जिसके चलते टैंकर ने अपना नियंत्रण खो दिया और खाना खा रहे सभी लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद टैंकर चालक गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया.
हादसे के बाद मचा हड़कंप
हादसे के बाद घटनास्थल के आसपास हड़कंप मच गया, जहां देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, हादसे में घायल तीन लोगों का इलाज जारी है, जिसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.












Click it and Unblock the Notifications