बस का इंतजार कर रहे लोगों के लिए मौत बनकर आया ट्रक, दर्दनाक हादसे से हड़कंप
इंदौर, 2 मई: इंदौर के पास घाटाबिल्लौद में देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को हिला कर रख दिया, जहां सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे लोगों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई तो, वहीं कई लोग गंभीर घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए, इन सभी लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची, जहां पुलिस की टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया, तो वहीं गंभीर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में सभी गंभीर घायलों का इलाज जारी है.

कुछ इस तरह हुआ दर्दनाक सड़क हादसा
सड़क हादसे में प्रारंभिक जांच के बाद ट्रक चालक की लापरवाही सामने आ रही है, जहां पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के बताए अनुसार यह हादसा महू-नीमच रोड पर हुआ. इसी रोड पर ब्रिज के नीचे कुछ लोग बस का इंतजार कर रहे थे, इस दौरान पीथमपुर की ओर से आए ट्रक ने इन सभी लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, जहां सभी ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहीं हादसे में घायल गंभीर लोगों को इंदौर रेफर किया गया है.
पुलिस ने ट्रक जप्त कर चालक को हिरासत में लिया
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है, तो वहीं ट्रक को भी जप्त कर लिया गया है. प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो हादसा बहुत दर्दनाक था, जहां तेज रफ्तार ट्रक लोगों को टक्कर मारते हुए खेत में उतर गया. इस हादसे में कई लोग बच गए, वरना बड़ा हादसा हो जाता. पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.












Click it and Unblock the Notifications