निजी कंपनी ने नौकरी से निकाला, 7 कर्मचारियों ने एक साथ खाया जहर, हालत नाजुक
इंदौर, 1 सितंबर: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर की एक निजी कंपनी के 7 कर्मचारियों ने नौकरी से निकाले जाने के बाद एक साथ जहर खा लिया। सभी को एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां सभी की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं इस घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही पुलिस घायलों के पास पहुंची, जहां अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. उधर, कंपनी का मालिक फिलहाल फरार बताया जा रहा है.

कुछ इस तरह हुआ घटनाक्रम
जानकारी के मुताबिक जिन सात कर्मचारियों ने जहर खाया उनका नाम जमनाधार, दीपक सिंह, राजेश मेमियोरिया, देवीलाल करेड़िया, रवि करेड़िया, जितेंद्र धमनिया, शेखर वर्मा बताया जा रहा है. परिजनों की माने तो नौकरी जाने से आहत होकर इन कर्मचारियों ने जहर खा लिया। सभी एक ही कंपनी के कर्मचारी हैं, और कंपनी ने सभी को काम से निकल दिया था। सभी कर्मचारी परदेशीपुरा थाना अंतर्गत राजकुमार ब्रिज के पास स्थित कंपनी में काम करते थे। नौकरी से निकाले जाने पर सभी ने एकमत होकर कंपनी के बाहर ही जहर खा लिया। वहां मौजूद लोगों ने सभी को तुरंत एमवाय अस्पताल पहुंचाया। वहीं इस घटनाक्रम के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जांच में जुटी पुलिस की टीम
पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि, जहर खाने वाले कर्मचारियों की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद से अभी तक कंपनी मालिक के बारे में कोई जानकारी नहीं है। परिजनों के अनुसार कंपनी मालिकों ने नई कंपनी खोली है, और निकाले गए कर्मचारियों को उस नई कंपनी में काम देने की बात कही थी, लेकिन ऐसा नहीं किया बल्कि कंपनी से ही बाहर कर दिया. वहीं पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है, जहां पुलिस कंपनी के अधिकारियों का पता लगाने के साथ-साथ अन्य जानकारी जुटा रही है.












Click it and Unblock the Notifications