MP Assembly Election 2023: मिशन मालवा-निमाड़ पर BJP के दिग्गज, जीत का खास प्लान तैयार
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले BJP की तैयारियां भी अब रफ्तार पकड़ रही हैं, जहां मध्यप्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल में लगातार बीजेपी के दिग्गज नेताओं की ओर से दौरे किए जा रहे हैं.

MP Assembly Election 2023 जैसे-जैसे पास आते चले जा रहे हैं, वैसे-वैसे बीजेपी की तैयारियां भी अब रफ्तार पकड़ रही हैं, जहां मध्यप्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल में लगातार बीजेपी के दिग्गज नेताओं की ओर से दौरे किए जा रहे हैं, और नेताओं व कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली जा रही है। हाल ही में बीजेपी के दिग्गज नेता प्रभात झा तीन दिवसीय निमाड़ अंचल के दौरे पर हैं, तो वहीं केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी सियासत के गढ़ इंदौर आकर नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं से मेल मुलाकात कर चुके हैं। उधर, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय धार दौरे पर थे, जहां उन्होंने भी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मेल मुलाकात कर सियासी विषयों पर बातचीत की है।
मिशन निमाड़ पर प्रभात झा
बीजेपी के दिग्गज नेता और मालवा निमाड़ के सियासत पर अपनी खास पकड़ रखने वाले प्रभात झा इन दिनों निमाड़ अंचल के अलग-अलग जिलों में कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच पहुंच रहे हैं, जहां वे कार्यकर्ताओं और नेताओं से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। साथ ही कार्यकर्ताओं और नेताओं का मन जानने की कोशिश भी कर रहे हैं। प्रभात झा ने अब तक खरगोन और खंडवा जिले का दौरा किया है, तो वहीं अब वे बुरहानपुर जिले के दौरे पर हैं। खास बात यह है कि, प्रभात झा जहां भी जा रहे हैं, वहां उनका कार्यकर्ता और नेताओं की ओर से जोरदार स्वागत किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रभात झा के साथ नेता और कार्यकर्ता अपने मन की बात करते नजर आ रहे हैं।
कैलाश विजयवर्गीय ने जाना धार का हाल
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय मिशन 2023 के मद्देनजर एक्टिव नजर आ रहे हैं, जहां उन्होंने हाल ही में धार जिले का दौरा कर कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की थी। कैलाश विजयवर्गीय ने अपने धार दौरे के दौरान बीजेपी के दिग्गज नेता विक्रम वर्मा, और नीना वर्मा से भी भेंट की थी। इसके साथ ही उन्होंने अलग-अलग बैठकों के दौरान कार्यकर्ताओं से मन की बात जानी थी। इससे पहले भी विजयवर्गीय, धार का दौरा कर चुके हैं, लेकिन अबकी बार उनका धार का दौरा बेहद खास रहा है, जिसमें उन्होंने लगभग सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर मिशन 2023 की तैयारियों का आगाज भी कर दिया।
नरेंद्र सिंह तोमर का दौरा भी रहा खास
हाल ही में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सियासत का गढ़ कहे जाने वाले शहर इंदौर आए थे, जहां उन्होंने भी बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी। जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने उन नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी जो अपनी बात संगठन के समक्ष रखना चाहते हैं। इसके साथ ही नरेंद्र सिंह तोमर ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों का जायजा भी लिया। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का इंदौर दौरा कई महीनों में बेहद खास रहा, जहां कार्यकर्ताओं और नेताओं ने तोमर से अपने मन की बात की है।
आगे भी चलते रहेंगे दौरे
जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव पास आते चले जाएंगे, वैसे-वैसे बीजेपी के दिग्गज नेताओं के दौरे भी बढ़ते चले जाएंगे। आगामी दिनों में मिशन मालवा-निमाड़ पर बीजेपी के और भी कई बड़े नेताओं के आने की संभावना जताई जा रही है, जहां यह सभी बड़े नेता, कार्यकर्ताओं और नेताओं से बातचीत करेंगे, तो वहीं मिशन 2023 को लेकर अपनी रणनीति भी स्पष्ट करेंगे। कुल मिलाकर देखा जाए तो मालवा और निमाड़ को बीजेपी का गढ़ माना जाता है। यही कारण है कि, इन दोनों ही अंचलों में एक बार फिर बीजेपी अपना अच्छा प्रदर्शन करने की तैयारी में जुट गई है।
ये भी पढ़े- MP Assembly Election 2023 की तैयारी, Indore में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने ली BJP नेताओं की बैठक












Click it and Unblock the Notifications