MP : इतनी जल्दी मानसून नहीं लेगा विदाई, अब इस दिन से फिर होगी झमाझम बारिश
इंदौर, 17 सितंबर : मध्यप्रदेश में इन दिनों मानसून के एक्टिव होने से झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है, जहां प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर समेत मालवा निमाड़ अंचल में भारी बारिश का सिलसिला देखने मिला। वहीं मानसून की विदाई को लेकर जताई जा रही संभावनाओं को नकारते हुए मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में एक बार फिर अच्छा खासा सिस्टम बनने से प्रदेश में झमाझम बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग की मानें तो यह सिस्टम 19 सितंबर के आसपास एक्टिव होगा, जिसके चलते एक बार फिर प्रदेश में झमाझम बारिश का सिलसिला देखने मिल सकता है।

प्रदेश के साथ ही शहर की बारिश का कोटा हुआ पूरा
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते अब प्रदेश में सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा हो चुका है, जहां अब हल्की और रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी है, तो वहीं उधर प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में भी लगातार हो रही भारी बारिश के चलते सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा हो चुका है। इंदौर जिले की बात करें तो यहां अब तक 46 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है, तो वहीं अब भी बारिश का सिलसिला जारी है।

इंदौर में बारिश की यह स्थिति
इंदौर जिले में पिछले 24 घंटे में 32.3 मिलीमीटर (सवा इंच) से अधिक औसत वर्षा दर्ज की गई है। जिले में इस अवधि में सर्वाधिक 97.8 मिलीमीटर (लगभग 4 इंच) वर्षा सांवेर क्षेत्र में हुई। इंदौर जिले में जारी मानसून सत्र में अब तक गत वर्ष हुई वर्षा की तुलना में आज दिनांक तक 349.1 मिलीमीटर (पौने 14 इंच) अधिक औसत वर्षा हो चुकी है। जिले में इस वर्ष अब तक 994.4 मिलीमीटर (सवा 39 इंच) औसत वर्षा हुई है, जबकि गत वर्ष इस अवधि में जिले में 645.3 मिलीमीटर (लगभग साढ़े 25 इंच) औसत वर्षा दर्ज की गई थी।

आगे ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में एक बार फिर रिमझिम बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है, जहां 19 सितंबर के आसपास बन रहे सिस्टम के चलते एक बार फिर प्रदेशवासियों को बारिश का दौर देखने मिलेगा। उधर, लगातार हो रही भारी बारिश के चलते अब जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आ रहा है, जहां लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं, तो वहीं निचले इलाकों में भी पानी भर गया है।












Click it and Unblock the Notifications